चनाटोरिया फैक्ट्री में आग से हड़कंप, 10 दमकल और आर्मी की टीम ने घंटों बाद पाया काबू

0

चनाटोरिया फैक्ट्री में आग से हड़कंप, 10 दमकल और आर्मी की टीम ने घंटों बाद पाया काबू

सागर जिले के बहेरिया थाना क्षेत्र स्थित चनाटोरिया में रविवार देर रात एक पुट्ठा (गत्ता) बनाने वाली फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैल गई कि उसे बुझाने के लिए स्थानीय फायर ब्रिगेड के साथ सेना की मदद लेनी पड़ी। करीब सात घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
जानकारी के अनुसार रविवार रात करीब 2:30 बजे फैक्ट्री परिसर से अचानक तेज लपटें उठने लगीं। आग की लपटें करीब 10 फीट तक दिखाई दे रही थीं। वहां से गुजर रहे लोगों ने यह दृश्य देखकर तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी।
सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, लेकिन आग लगातार बढ़ती जा रही थी। स्थिति को देखते हुए मकरोनिया नगर पालिका, सागर नगर निगम और शाहपुर नगर परिषद की फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को भी बुलाया गया। इसके बावजूद आग पर काबू पाना मुश्किल हो रहा था, जिसके बाद सेना को सूचना दी गई।
आर्मी की फायर फाइटर टीम भी मौके पर पहुंची और स्थानीय दमकल कर्मियों के साथ मिलकर आग बुझाने का अभियान शुरू किया। करीब 10 से अधिक फायर ब्रिगेड की गाड़ियों और सेना की टीम ने लगातार सात घंटे तक प्रयास किया, तब जाकर आग पर नियंत्रण पाया जा सका।
हालांकि आग बुझने के बाद भी फैक्ट्री परिसर में पड़ा कचरा और मलबा सोमवार सुबह करीब 11:30 बजे तक धधकता रहा। आग को पूरी तरह खत्म करने के लिए मौके पर जेसीबी मशीन बुलाई गई, जिसकी मदद से मलबा हटाकर अंदर सुलग रहे हिस्सों को बुझाने का काम किया जा रहा है।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आगजनी की घटना का पंचनामा तैयार किया है और कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। इस घटना में फैक्ट्री संचालक को कितना आर्थिक नुकसान हुआ है, इसका आकलन अभी किया जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here