केला खरीदते वक्त फाइनेंस कर्मी पर कटर से हमला, एक आरोपी पकड़ाया, दूसरा फरार
सागर के मकरोनिया थाना क्षेत्र में मंगलवार रात एक फाइनेंस कंपनी में कार्यरत युवक पर दो बदमाशों ने अचानक कटर से हमला कर दिया। इस हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद लोगों की सूझबूझ से एक आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया, जबकि उसका साथी फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, शिवनगर कॉलोनी निवासी 36 वर्षीय मनीष मिश्रा मंगलवार रात बालाजी मंदिर से लौटकर घर जा रहे थे। रास्ते में वे वृंदावन मैरिज गार्डन के पास एक ठेले से केला खरीदने के लिए रुके थे। इसी दौरान पुरव्याऊ टोरी निवासी प्रेम अहिरवार और महेंद्र अहिरवार वहां पहुंच गए।
बताया गया है कि दोनों आरोपियों ने बिना किसी वजह के मनीष से गाली-गलौज शुरू कर दी। जब मनीष ने इसका विरोध किया तो दोनों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी बीच प्रेम अहिरवार ने जेब से रेडियम कटर निकालकर मनीष की जांघ पर वार कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना को देख आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए और उन्होंने आरोपियों को पकड़ने का प्रयास किया। भीड़ ने घेराबंदी कर प्रेम अहिरवार को पकड़ लिया, जबकि उसका साथी महेंद्र मौके से भागने में सफल हो गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पकड़े गए आरोपी को हिरासत में ले लिया। घायल मनीष को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।


