निजी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत, गलत इंजेक्शन के आरोप पर परिजनों का हंगामा
सागर में एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान 50 वर्षीय व्यक्ति की मौत के बाद हंगामा खड़ा हो गया है। परिजनों ने डॉक्टरों पर गंभीर लापरवाही और गलत इंजेक्शन लगाने का आरोप लगाया है
दरअसल,मामला डॉक्टर दीपांशु दुबे की बरगद हॉस्पिटल का है,जहां सागर के केशवगंज वार्ड निवासी मुरारी सजरोरिया को चार दिन पहले भर्ती कराया गया था। परिजनों के मुताबिक,उन्हें हाथ-पैर और सिर में झुनझुनी की शिकायत थी,जिसके बाद डॉक्टरों ने ब्रेन हेमरेज की आशंका जताई।
आरोप है कि डॉक्टरों ने ऑपरेशन की सलाह देते हुए करीब 7 लाख रुपये खर्च बताया। इसी बीच देर रात इलाज के दौरान मरीज को एक इंजेक्शन लगाया गया,जिसके बाद उसकी हालत अचानक बिगड़ गई,स्थिति गंभीर होने पर मुरारी सजरोरिया को वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया,लेकिन कुछ ही देर में उनकी मौत हो गई। परिजनों का कहना है कि गलत इंजेक्शन लगाने की वजह से ही उनकी मौत हुई है।
घटना के बाद अस्पताल परिसर में परिजनों ने जमकर हंगामा किया और अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
मृतक मुरारी सजरोरिया टेंट हाउस का काम करते थे और अपने परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य थे। उनके छोटे-छोटे बच्चे हैं, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
फिलहाल अस्पताल परिसर में हंगामें की सूचना के बाद सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाइश देकर मामले को शांत कराया गया,पुलिस अब इस पूरे मामले की जांच पड़ताल में जुटी है।


