त्योहारों की तैयारियों को लेकर व्यापक समीक्षा
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (बीना) श्री संजीव उईके का खुरई एवं बीना में निरीक्षण, दिए अहम निर्देश
सागर। जिले में आगामी त्योहारों, जुलूसों एवं धार्मिक आयोजनों को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने हेतु पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। इसी क्रम में आज अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (बीना) श्री संजीव उईके द्वारा थाना खुरई शहर एवं थाना बीना का विस्तृत निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की गई तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान थाना परिसर, रिकॉर्ड संधारण, हवालात, शस्त्रागार, वाहन व्यवस्था एवं कंट्रोल सिस्टम का बारीकी से अवलोकन किया गया। साथ ही आगामी त्योहारों—रामनवमी, रमजान/ईद, चैत्र नवरात्रि सहित अन्य स्थानीय पर्व एवं जुलूसों—को दृष्टिगत रखते हुए सुरक्षा, कानून-व्यवस्था एवं ट्रैफिक प्रबंधन की तैयारियों का विस्तृत आकलन किया गया।
शांति, सौहार्द और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री उईके ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी त्योहारों को आपसी भाईचारे, सौहार्द एवं समन्वय के साथ संपन्न कराना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह, असामाजिक गतिविधि या कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाले तत्वों के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाए।
संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी, ड्रोन एवं सीसीटीवी का उपयोग
निरीक्षण के दौरान निर्देशित किया गया कि खुरई क्षेत्र के संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए। जुलूस मार्गों का पूर्व सर्वे कर सीसीटीवी कैमरे, ड्रोन निगरानी एवं वीडियोग्राफी की व्यवस्था की जाए, जिससे हर गतिविधि पर सतत नजर रखी जा सके।
शांति समिति की बैठकें एवं जनसंवाद पर जोर
श्री उईके ने SDOP खुरई, sdop बीना थाना प्रभारी खुरई शहर एवं खुरई देहात ,बीना को निर्देशित किया कि क्षेत्र में शांति समिति की नियमित बैठकें आयोजित कर सभी धर्मों एवं समुदायों के प्रमुख व्यक्तियों से संवाद स्थापित किया जाए। त्योहारों के दौरान सहयोग एवं समन्वय सुनिश्चित करने हेतु जनप्रतिनिधियों, आयोजकों एवं आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए।
अफवाहों पर कड़ी नजर—सोशल मीडिया मॉनिटरिंग के निर्देश
त्योहारों के दौरान सोशल मीडिया पर फैलने वाली भ्रामक एवं आपत्तिजनक पोस्टों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। साइबर टीम को सक्रिय रखते हुए किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध तत्काल वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए कहा गया।
ट्रैफिक एवं भीड़ प्रबंधन की पुख्ता व्यवस्था
जुलूसों एवं धार्मिक आयोजनों के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने हेतु डायवर्जन प्लान, पार्किंग व्यवस्था एवं बैरिकेडिंग की प्रभावी व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। साथ ही एंबुलेंस एवं आपातकालीन सेवाओं के निर्बाध आवागमन को प्राथमिकता देने पर बल दिया गया।
रात्रि गश्त एवं फ्लैग मार्च बढ़ाने के निर्देश
कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने हेतु रात्रि गश्त, पैदल पेट्रोलिंग एवं फ्लैग मार्च बढ़ाने के निर्देश दिए गए, जिससे आमजन में सुरक्षा का विश्वास बना रहे एवं असामाजिक तत्वों में भय का वातावरण कायम रहे।
बैठक में अधिकारी रहे उपस्थित इस दौरान SDOP खुरई,प्रवीण अस्थाना, थाना प्रभारी खुरई शहर श्री योगेंद्र सिंह दांगी,एवं थाना प्रभारी खुरई देहात संतोष सिंह दांगी सहित संबंधित अधिकारी एवं पुलिस बल उपस्थित रहा, जिन्हें स्पष्ट रूप से जिम्मेदारियां सौंपते हुए समयबद्ध क्रियान्वयन के निर्देश दिए गए।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (बीना) श्री संजीव उईके का यह निरीक्षण एवं दिशा-निर्देश आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। सागर पुलिस हर परिस्थिति में सतर्क, सक्रिय एवं प्रतिबद्ध है, ताकि जिले में शांति, सौहार्द और कानून व्यवस्था बनी रहे।


