शिकायत पर कार्रवाई न होने से नाराज़ व्यक्ति ने कलेक्टर गेट पर की आत्मदाह की कोशिश
सागर के कलेक्टर कार्यालय गेट पर गुरुवार दोपहर एक युवक ने आत्मदाह करने की कोशिश की। वह पेट्रोल से भरी बोतल लेकर आया था। पुलिस ने देखा तो उसका पीछा कर उसे पकड़ लिया और मोतीनगर थाने ले गई।
युवक का आरोप है कि मोतीनगर पुलिस मारपीट के मामले में सुनवाई नहीं कर रही है और उनके खिलाफ झूठी एफआईआर दर्ज कर दी गई। सुनवाई नहीं होने के विरोध में उन्होंने यह कदम उठाया।
जानकारी के अनुसार, जतिन पटवा निवासी बाघराज कॉलोनी पत्नी रचना पटवा समेत अन्य लोगों के साथ कलेक्टर कार्यालय पहुंचे थे। जतिन पेट्रोल से भरी बोतल लेकर आए। पुलिस ने रोकने की कोशिश की, लेकिन जतिन दौड़कर भागे। पुलिस ने पीछा कर जतिन को पकड़ लिया और पेट्रोल की बोतल छीन ली।
पुलिस ने नहीं सुनी फरियाद
पत्नी रचना पटवा ने बताया कि 13 फरवरी की रात जतिन किराना दुकान से घर लौट रहे थे। कुछ कॉलोनीवासियों ने उन्हें रोककर गाली-गलौज और मारपीट की। आवाज सुनकर रचना बीच-बचाव करने गई तो उसके साथ भी मारपीट हुई। ससुर और परिवार के अन्य सदस्य भी घायल हुए। घटना के बाद परिवार अस्पताल गया, जहां जतिन और ससुर को गंभीर चोटों के कारण भर्ती किया गया। मोतीनगर थाने में शिकायत करने पर भी सुनवाई नहीं हुई और उनके खिलाफ झूठी एफआईआर दर्ज कर दी गई। रचना ने निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है।


