अहिरवार समाज के डॉ. अंबेडकर भवन के विस्तार के लिए 25 लाख की राशि स्वीकृत – विधायक जैन

अहिरवार समाज के डॉ. अंबेडकर भवन के विस्तार के लिए 25 लाख की राशि स्वीकृत — विधायक शैलेंद्र कुमार जैन ने किया निर्माण कार्य का निरीक्षण

सागर। विधायक शैलेंद्र कुमार जैन ने काकागंज वार्ड में अहिरवार समाज के अधूरे पड़े डॉ. अंबेडकर भवन के शेष निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। समाज की मांग पर भवन के अधूरे निर्माण को पूरा करने के लिए विधायक जैन द्वारा 25 लाख रुपये की अतिरिक्त राशि स्वीकृत कराई गई है, जिससे भवन का भूतल एवं प्रथम तल का निर्माण कार्य पूर्ण किया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि पूर्व में विधायक जैन द्वारा 10 लाख रुपये की लागत से इस सामुदायिक भवन के निर्माण की स्वीकृति प्रदान की गई थी। लेकिन भवन निर्माण के लिए उपलब्ध स्थान अधिक होने के कारण निर्धारित राशि में कार्य पूर्ण नहीं हो सका था और भवन लंबे समय से अधूरा पड़ा हुआ था। इस कारण क्षेत्रवासियों और अहिरवार समाज के लोगों द्वारा लगातार विधायक जैन से संपर्क कर भवन के शेष निर्माण की मांग की जा रही थी।

क्षेत्र की आवश्यकता को देखते हुए विधायक जैन ने आदिम जाति कल्याण विभाग के माध्यम से 25 लाख रुपये की अतिरिक्त राशि स्वीकृत कराकर भवन के विस्तार और शेष निर्माण कार्य को आगे बढ़ाने की पहल की है।

निरीक्षण के दौरान विधायक जैन ने बताया कि काकागंज क्षेत्र शहर का एक अत्यंत पिछड़ा इलाका है, जहां लंबे समय से सामाजिक, धार्मिक एवं अन्य कार्यक्रमों के लिए उपयुक्त स्थान की कमी महसूस की जा रही थी। डॉ. अंबेडकर भवन के पूर्ण होने से क्षेत्र के लोगों को शादी-विवाह, सामाजिक कार्यक्रमों और धार्मिक आयोजनों के लिए एक सुविधाजनक स्थान उपलब्ध हो सकेगा।

निर्माणाधीन भवन में भूतल पर एक बड़ा हॉल बनाया जा रहा है, जबकि प्रथम तल पर दो कमरे, दो चेंजिंग रूम तथा पुरुष एवं महिला के लिए अलग-अलग बाथरूम का निर्माण किया जाएगा, जिससे कार्यक्रमों के आयोजन में लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
विधायक जैन ने निरीक्षण के दौरान ठेकेदार को निर्देशित करते हुए कहा कि निर्माण कार्य को गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूर्ण किया जाए और बारिश के पहले भवन का कार्य पूरा कर लिया जाए, ताकि समाजजन जल्द से जल्द इसका उपयोग कर सकें।

इस अवसर पर निरीक्षण के दौरान स्थानीय पार्षद भरत अहिरवार, नीरज जैन गोलू, प्रीतम अहिरवार, मोनू रिछारिया, नासिर खान सहित क्षेत्र के कई नागरिक एवं समाजजन उपस्थित रहे। समाज के लोगों ने डॉ. अंबेडकर भवन के विस्तार के लिए राशि स्वीकृत कराने पर विधायक जैन का अभिनंदन करते हुए आभार व्यक्त किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here