मकरोनिया में बिना जांच एनओसी देने के आरोप, शिवसेना ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन, कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी
सागर। मकरोनिया क्षेत्र में उद्योगों, होटलों और अस्पतालों को बिना निरीक्षण एनओसी (अनापत्ति प्रमाण पत्र) और सीटीओ (संचालन की अनुमति) जारी किए जाने के आरोप सामने आए हैं। इस मामले को लेकर शिवसेना ने क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारियों पर गंभीर सवाल उठाए हैं। विरोध दर्ज कराते हुए संगठन ने शाम करीब 4 बजे कलेक्टर संदीप जीआर को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में शिवसेना के उप राज्य प्रमुख पप्पू तिवारी ने कहा कि क्षेत्र में लगभग 135 उद्योगों को अनुमति दी गई है, लेकिन इनमें से केवल 2 इकाइयों का ही वास्तविक निरीक्षण किया गया। उनका आरोप है कि अधिकांश मामलों में न तो प्रदूषण की जांच की गई और न ही निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित किया गया।
उन्होंने यह भी कहा कि कई जगहों पर प्रदूषण नियंत्रण से जुड़े उपकरण सिर्फ कागजों में दर्शाए गए हैं या फिर बंद हालत में पड़े हैं। साथ ही कुछ उद्योग ऐसे भी हैं जो बिना वैध एनओसी के ही संचालित हो रहे हैं, जिससे पर्यावरण को नुकसान पहुंचने की आशंका बनी हुई है।
शिवसेना ने प्रशासन से इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ठोस कदम नहीं उठाए गए तो वे विरोध प्रदर्शन, घेराव और उच्च स्तर पर शिकायत करने के लिए बाध्य होंगे।


