मकरोनिया और बीना नगर पालिका में एल्डरमैन नियुक्त, सुधा शर्मा को मिली जिम्मेदारी
सागर। मध्य प्रदेश शासन के नगरीय प्रशासन विभाग ने प्रदेश की 169 नगर पालिकाओं में एल्डरमैन (वरिष्ठ पार्षद) की नियुक्ति के आदेश जारी कर दिए हैं। इसी क्रम में सागर जिले की मकरोनिया और बीना नगर पालिका में भी नियुक्तियाँ की गई हैं।
मकरोनिया नगर पालिका में कुल 6 एल्डरमैन नियुक्त किए गए हैं। महिला सशक्तिकरण की दिशा में कदम बढ़ाते हुए भाजपा की वरिष्ठ नेत्री सुधा पवन शर्मा को इस सूची में स्थान दिया गया है। उनके साथ ही केदार शर्मा, अमित सिंह ठाकुर, नरेंद्र रोहित, मुकेश यादव और गोकुल ठाकुर को भी एल्डरमैन मनोनीत किया गया है। बीना नगर पालिका में भी इसी फॉर्मूले के तहत 5 पुरुषों के साथ एक महिला को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
नेताओं का जताया आभार:
नियुक्ति के पश्चात सभी नवनियुक्त पार्षदों ने भाजपा शीर्ष नेतृत्व सहित क्षेत्रीय सांसद डॉ. लता वानखेड़े, विधायक प्रदीप लारिया और जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की है। इस घोषणा के बाद समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं में हर्ष का माहौल है।


