रहस्यमयी तरीके से महिला हुई गायब, उसका पति छोटे बच्चे को लेकर दर-दर भटक रहा
सागर। मोतीनगर थाना में एक पति ने अपनी लापता पत्नी को खोज निकालने की गुहार लगाई है। बाघराज वार्ड आवासीय कॉलोनी निवासी राहुल राजपूत की पत्नी आरती 26 फरवरी से बिना बताए घर से कहीं चली गई है। घटना के बाद से परिवार गहरे सदमे में है।
रविवार दोपहर करीब 1 बजे राहुल राजपूत मोती नगर थाने पहुंचा और पुलिस सें पत्नी की तलाश की गुहार लगाई । राहुल ने बताया कि उन्होंने लगभग साढ़े आठ साल पहले अंजलि से प्रेम विवाह किया था। उनका 7 साल का एक बेटा भी है, जो मां के अचानक चले जाने से बेहद परेशान है।
राहुल ने बताया कि वह पुणे में ड्राइवरी का काम करते हैं, जबकि उनकी पत्नी अपने मायके में माता-पिता के साथ रहती थी। 26 फरवरी को फोन पर दोनों के बीच आखिरी बात हुई, इसके बाद अंजलि अचानक घर से कहीं चली गईं। काफी तलाश के बाद भी जब उनका कोई सुराग नहीं लगा तो राहुल पुणे से सागर पहुंचे और थाने में शिकायत दर्ज कराई।
राहुल ने भावुक होकर कहा, साहब, मेरा छोटा सा बच्चा है, वह अपनी मां को ढूंढ रहा है। कृपया मेरी पत्नी को खोज निकालिए। पुलिस ने गुमसुदी का मामला दर्ज कर महिला की तलाश शुरू कर दी है। थाना प्रभारी ने बताया कि आसपास के क्षेत्रों में सूचना भेजी गई है और संभावित स्थानों पर जांच की जा रही है।


