सीएम कार्यक्रम से लौट रही बस का भीषण हादसा: 9 की मौत, 35 से ज्यादा घायल, नागपुर रेफर हुए गंभीर
छिंदवाड़ा। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के कार्यक्रम से लौट रही एक बस गुरुवार रात दर्दनाक सड़क हादसे का शिकार हो गई। इस हादसे में अब तक 9 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 35 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। गंभीर रूप से घायल 6 लोगों को बेहतर इलाज के लिए नागपुर रेफर किया गया है। हादसे के बाद मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव गुरुवार को छिंदवाड़ा दौरे पर पहुंचे थे। उनके कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में लोग विभिन्न क्षेत्रों से बसों में सवार होकर पहुंचे थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद सभी बसें वापस अपने गंतव्य की ओर रवाना हुईं, इसी दौरान एक बस उमरानाला और सिमरिया के बीच दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
हादसा इतना भीषण था कि मौके पर ही चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालकर घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे के कारण सड़क पर जाम की स्थिति भी बन गई थी।
बताया जा रहा है कि बस में करीब 43 लोग सवार थे। अब तक 9 शव बरामद किए गए हैं, जिनमें पुरुष और महिलाएं शामिल हैं। कई घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है, जिससे मृतकों का आंकड़ा बढ़ सकता है। जिला अस्पताल में घायलों के इलाज के दौरान अफरा-तफरी का माहौल बना रहा, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
इस दर्दनाक हादसे पर मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि छिंदवाड़ा-नागपुर रोड पर हुई यह दुर्घटना अत्यंत दुखद है। प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
सीएम ने संबंधित अधिकारियों को घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही जबलपुर से डॉक्टरों की टीम छिंदवाड़ा और नागपुर भेजने के निर्देश दिए गए हैं। मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये और गंभीर घायलों को 1-1 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा भी की गई है। सभी घायलों का इलाज नि:शुल्क किया जाएगा तथा भोपाल में कंट्रोल रूम बनाकर पूरे मामले की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है।


