रहली ITI के 113 प्रशिक्षणार्थियों का Tata Motors, गुजरात हेतु चयन – रहस महोत्सव में नियुक्ति पत्र वितरित
सागर। शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (ITI) रहली के लिए अत्यंत हर्ष एवं गौरव का विषय है कि संस्थान के 113 प्रशिक्षणार्थियों का चयन प्रतिष्ठित ऑटोमोबाइल कंपनी Tata Motors, गुजरात हेतु किया गया है। इस उपलब्धि के उपलक्ष्य में आयोजित रहस महोत्सव के अवसर पर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ला तथा पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं विधायक श्री गोपाल भार्गव द्वारा चयनित प्रशिक्षणार्थियों को विधिवत नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने चयनित युवाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज के प्रतिस्पर्धी युग में कौशल आधारित शिक्षा ही युवाओं को सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाती है। उन्होंने ITI प्रशिक्षण को रोजगारपरक बताते हुए अन्य विद्यार्थियों को भी तकनीकी शिक्षा की ओर प्रेरित किया।
संस्थान के प्राचार्य ने बताया कि यह सफलता प्रशिक्षणार्थियों की मेहनत, प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन तथा संस्थान में उपलब्ध गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण व्यवस्था का परिणाम है। चयनित प्रशिक्षणार्थियों को गुजरात स्थित Tata Motors संयंत्र में कार्य करने का अवसर प्राप्त होगा, जिससे वे अपने उज्ज्वल भविष्य की ओर अग्रसर होंगे। यह उपलब्धि न केवल रहली ITI बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है तथा अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत सिद्ध होगी।


