आपकी महापौर आपके द्वार एवं जनचौपाल का रविशंकर एवं राजीव नगर वार्ड का 11वां शिविर में संपन्न
सागर। नगर निगम सागर द्वारा नागरिकों की मूलभूत समस्याओं के त्वरित समाधान हेतु संचालित जनहितकारी पहल “आपकी महापौर आपके द्वार एवं जनचौपाल” के अंतर्गत राजीवनगर एवं रविशंकर वार्ड का 11वां शिविर पं दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि पर श्रद्धासुमन अर्पित कर महाकवि पद्माकर सभागार में प्रारंभ किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में वार्डवासियों ने उपस्थित होकर अपनी समस्याएँ दर्ज कराईं, जिनमें से अनेक का निराकरण मौके पर ही किया गया तथा शेष आवेदनों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
शिविर में महापौर श्रीमती संगीता सुशील तिवारी, वरिष्ठ भाजपा नेता एवं महापौर प्रतिनिधि डॉ. सुशील तिवारी, एम.आई.सी. सदस्य विनोद तिवारी,शैलेन्द्र ठाकुर, , पार्षद प्रतिनिधि नरेश यादव,श्रीमती कंचन सोमेश जड़िया, वार्ड पार्षद प्रहलाद पटेल, सूरज घोसी,श्रीमती रुबी कृष्ण कुमार पटेल एवं संकल्प फाउंडेशन के अध्यक्ष रिशांक तिवारी की उपस्थिति में नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया।
महापौर श्रीमती संगीता सुशील तिवारी ने कहा कि आज पं दीनदयाल उपाध्याय जी की पुण्यतिथि है उनकी सोच थी कि समाज के अंतिम पंक्ति के व्यक्ति को लाभान्वित कर उन्हें समाज की मुख्यधारा में लाना चाहिए उनकी मंशानुरूप शिविरों के माध्यम से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से वंचित पात्र नागरिकों को लाभान्वित करना हमारी सर्वाेच्च प्राथमिकता है, यह उनके लिए सच्ची श्रद्धांजलि होगी।उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि शहर का कोई भी पात्र हितग्राही शासन की योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। महापौर ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य नागरिकों को छोटी-बड़ी समस्याओं के समाधान के लिए नगर निगम कार्यालय के चक्कर लगाने से राहत दिलाना है। इस अवसर पर
महापौर ने नागरिकों से अपने वार्ड की स्वच्छता बनाए रखने तथा स्वच्छ सर्वेक्षण प्रतियोगिता में सागर को बेहतर रैंक दिलाने हेतु सक्रिय सहभागिता करने की अपील भी की।
वरिष्ठ भाजपा नेता एवं महापौर प्रतिनिधि डॉ. सुशील तिवारी ने कहा कि नगर निगम की यह अभिनव पहल अत्यंत सकारात्मक परिणाम दे रही है। इससे विशेष रूप से निम्न एवं मध्यम वर्ग के नागरिकों को राहत मिली है, जो सामान्यतः निगम कार्यालय नहीं पहुंच पाते। उन्होंने बताया कि महापौर के निर्देश पर वार्ड स्तर पर शिविर लगाकर समस्याओं का त्वरित निराकरण किया जा रहा है। उन्होंने वार्ड पार्षद सूरज घोसी एवं प्रहलाद पटेल की सक्रियता की सराहना करते हुए कहा कि वे निरंतर जनता की समस्याओं को निगम स्तर पर उठाते रहते हैं तथा उनका निराकरण करवाते हैं।
एम आई सी सदस्य शैलेन्द्र ठाकुर ने कहा कि महापौर जी द्वारा पहली बार इस प्रकार के शिविर आयोजित कर नागरिकों की समस्याओं के त्वरित निराकरण कराने की पहल की है साथ ही जो लोग शासकीय योजनाओं का लाभ नहीं ले पाते हैं उनको उनके ही वार्ड में लाभान्वित करने की कार्रवाई की जा रही है। महापौर जी की यह पहल अनुकरणीय है मैं महापौर जी को साधुवाद देता हूं। उन्होंने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि शिविर में उपस्थित होकर लाभ लें और बेवजह परेशान न हों।
शिविर में पार्षद प्रतिनिधि सोमेश जडिया ने भी आपकी महापौर आपके द्वार एवं जनचौपाल शिविर की सराहना करते हुए महापौर जी को धन्यवाद देते हुए कहा कि इस पहल का नागरिकों को आसानी से लाभ मिल रहा है।
शिविर में वृद्धावस्था पेंशन, कल्याणी पेंशन, संबल कार्ड, समग्र आईडी, राशन पर्ची, प्रधानमंत्री आवास योजना, स्ट्रीट लाइट, प्रकाश व्यवस्था, अतिक्रमण, लोक निर्माण, स्वास्थ्य संबंधी समस्याएँ तथा राजस्व विभाग अंतर्गत संपत्तिकर, जलकर एवं कचरा प्रबंधन शुल्क से संबंधित प्रकरणों पर कार्यवाही की गई। अनेक नागरिकों द्वारा मौके पर कर एवं शुल्क की राशि भी जमा की गई। प्राप्त आवेदनों को संबंधित विभागों को सौंपते हुए समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
महापौर ने सड़क एवं नाली निर्माण कार्य का निरीक्षण किया- शिविर के दौरान महापौर श्रीमती संगीता सुशील तिवारी ने पार्षदों एवं अधिकारियों के साथ राजीव नगर वार्ड में सड़क चौड़ीकरण एवं नाली निर्माण कार्य का निरीक्षण किया और कार्य को गुणवत्ता पूर्ण समय सीमा में करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर शैलेष जैन शेरा, मिंटू महाराज दीक्षित, यशवंत करोसिया, उपायुक्त एस एस बघेल,कार्यपालन यंत्री संजय तिवारी, राजस्व अधिकारी बृजेश तिवारी, उपयंत्री दिनकर शर्मा,जया श्रीवास्तव, श्रीमती , संयम चतुर्वेदी, प्रकाश प्रभारी आसिमा तिर्की, विक्रम जैन,निशांत तिवारी, विकास गुरू, सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


