बारात गोलीकांड मामला : अब बंसल समाज ने आरोपी को फांसी की सजा की मांग करते हुए किया प्रदर्शन

0

बारात गोलीकांड मामला : अब बंसल समाज ने आरोपी को फांसी की सजा की मांग करते हुए किया प्रदर्शन

बीना। सागर में 12 फरवरी को एक शादी समारोह में बैंड बजाने वाले युवक की हत्या के मामले में बंसल समाज के लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया है। समाज के सदस्यों ने खुरई में जुलूस निकालकर राज्यपाल के नाम एसडीएम कार्यालय में एक ज्ञापन सौंपा, जिसमें आरोपी को फांसी की सजा सहित अन्य मांगों को पूरा करने की अपील की गई है।

ज्ञापन में बताया गया है कि 12 फरवरी की रात सागर में शादी समारोह में बैंड बजा रहे विवेक बंसल ने आरोपी से थोड़ी देर में फरमाइश पूरी करने को कहा था।

इसके बाद आरोपी ने गोली मारकर विवेक की निर्मम हत्या कर दी। समाज का आरोप है कि विवेक अनुसूचित जाति से संबंधित और कमजोर व्यक्ति था, और दबंगई दिखाते हुए उसकी हत्या की गई, जो समाज में व्याप्त ऊंच-नीच के भाव को दर्शाता है।
आरोपी को तत्काल फांसी चढ़ा देने की मांग

ज्ञापन के माध्यम से सर्व समाज ने मांग की है कि दोषी व्यक्ति को तत्काल फांसी की सजा दी जाए। इसके अतिरिक्त, विवेक बंसल के परिवार के किसी एक सदस्य को सरकारी नौकरी प्रदान की जाए और परिवार को शासन द्वारा एक करोड़ रुपए की राहत राशि शीघ्र उपलब्ध कराई जाए। समाज ने हत्या करने वाले आरोपी के मकान और दुकान को बुलडोजर से ध्वस्त करने की भी मांग की है।

पुलिस प्रशासन से यह भी अनुरोध किया गया है कि इस मामले के अनुसंधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही या पक्षपात न किया जाए।

यदि जांच अधिकारी द्वारा कोई घोर लापरवाही बरती जाती है, तो उसे भी दंडित किया जाए। समाज ने भविष्य में शादी-विवाह और अन्य समारोहों में वाद्य यंत्र बजाने वाले सभी संगीतकारों, फिल्म कलाकारों और ऑर्केस्ट्रा वालों को सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है, ताकि भय और डर का माहौल समाप्त हो और ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here