सागर बारात के दौरान विवेक बंसल की गोली मारकर हत्या का मामला,2 ओर आरोपी भेजे गए जेल

0

सागर बारात के दौरान विवेक बंसल की गोली मारकर हत्या का मामला,2 ओर आरोपी भेजे गए जेल

सागर। मोतीनगर थाना क्षेत्र में शादी समारोह के दौरान हुए सनसनीखेज गोलीकांड मामले में पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। नाबालिग बैंड वादक की हत्या के इस मामले में मुख्य आरोपी पहले ही न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा चुका है।
पुलिस के मुताबिक मुख्य आरोपी प्रशांत पटेल को रविवार को न्यायालय में पेश किया गया था, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। जांच के दौरान सामने आया कि घटना के बाद हथियार को ठिकाने लगाने और आरोपी को भागने में उसके दोस्त सत्यम कुर्मी और अनमोल सोनी ने मदद की थी। इसके बाद दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई और साक्ष्यों के आधार पर उन्हें भी अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया।
घटना 12 फरवरी की है। इतवारा बाजार निवासी भरत सोनी (मलहरा वाले) के बेटे मयंक की बारात निकली थी। बैंड पार्टी में शामिल 15 वर्षीय विवेक बंसल बैंड बजा रहा था। आरोप है कि प्रशांत पटेल ने उससे ‘राई’ की धुन बजाने को कहा। विवेक ने थकान का हवाला देते हुए थोड़ी देर का समय मांगा, जिससे नाराज होकर आरोपी ने गाली-गलौज की और उसके सीने में गोली दाग दी। गोली सीना चीरते हुए पार निकल गई और विवेक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। खुशियों का माहौल पल भर में मातम में बदल गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन फुटेज की मदद से घटनाक्रम खंगाला गया। मिले सुरागों के आधार पर पहले प्रशांत पटेल को हिरासत में लिया गया था।
पुलिस इस मामले में एक सिक्योरिटी एजेंसी के गार्ड द्वारा हथियार लहराने के एंगल से भी जांच कर रही है। हालांकि संबंधित सिक्योरिटी एजेंसी का दफ्तर बंद मिलने से जांच फिलहाल आगे नहीं बढ़ सकी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here