समय सीमा में CM हेल्पलाइन शिकायतों का संतोषजनक निराकरण करें- निगमायुक्त

0
सागर। नगर निगम आयुक्त राजकुमार खत्री ने सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों की समीक्षा बैठक की।
बैठक में निगम के विभिन्न विभागों की लंबित एवं प्रचलित शिकायतों की बिंदुवार समीक्षा की गई।
निगमायुक्त ने सभी विभाग प्रमुखों को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का निराकरण निर्धारित समय सीमा में अनिवार्य रूप से किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतों का निराकरण केवल औपचारिकता न होकर वास्तविक समाधान पर आधारित होना चाहिए इसलिए संबंधित अधिकारी स्वयं स्थल पर पहुंचकर शिकायतकर्ता से चर्चा कर समस्या का समाधान सुनिश्चित करें और शिकायतकर्ता की संतुष्टि के पश्चात ही शिकायत को बंद करने की प्रक्रिया पूर्ण करें।
उन्होंने यह भी कहा कि नागरिकों की शिकायतों का निराकरण करना नगर निगम की प्राथमिक जिम्मेदारी है। बैठक में लोककर्म विभाग, भवन एवं भूमि, प्रकाश विभाग, राजस्व, बाजार, स्वास्थ्य, जन्म-मृत्यु पंजीयन, स्थापना, योजना शाखा, जलप्रदाय तथा सीवर प्रोजेक्ट सहित अन्य विभागों की शिकायतों की विस्तार से समीक्षा की गई। निगमायुक्त ने विभागवार लंबित प्रकरणों की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
श्री खत्री ने कहा कि सीएम हेल्पलाइन शासन की एक महत्वपूर्ण जनसेवा व्यवस्था है, जिसके माध्यम से नागरिक अपनी समस्याएं सीधे दर्ज कराते हैं। इसलिए सभी अधिकारी शिकायतों को गंभीरता से लें और प्राथमिकता के आधार पर उनका निराकरण करें।
बैठक में नगर निगम के सभी संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here