गैस पाइप में चिंगारी से भड़की लपटें, फ्रिज विस्फोट के बाद घर का सामान राख

0

गैस पाइप में चिंगारी से भड़की लपटें, फ्रिज विस्फोट के बाद घर का सामान राख

सागर। खुरई के संत रविदास वार्ड (पुराना अब्दुल कलाम वार्ड) स्थित शिव शक्ति नगर में रविवार शाम एक मकान में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। रसोई में गैस सिलेंडर की नली में आग पकड़ने के बाद हालात तेजी से बिगड़े और कुछ ही देर में फ्रिज में धमाका हो गया। आग की चपेट में आकर घर का अधिकांश सामान जलकर नष्ट हो गया।
मकान मालिक संतोष अहिरवार (47) के अनुसार घटना के समय वे घर में आराम कर रहे थे, जबकि उनकी पत्नी रसोई में चाय बना रही थीं। गैस चूल्हा चालू करते ही सिलेंडर से जुड़ी पाइप में आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग रेगुलेटर तक पहुंच गई। स्थिति बिगड़ती देख उनकी पत्नी तुरंत बाहर निकल आईं और शोर मचाया।

धुआं और लपटें तेजी से फैलने लगीं। इसी दौरान रसोई में रखा फ्रिज भी तेज धमाके के साथ फट गया, जिससे आग और विकराल हो गई। आसपास के लोगों ने बताया कि धमाके की आवाज सुनकर वे अपने घरों से बाहर निकल आए। पूरे इलाके में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

सूचना मिलते ही नगर पालिका की फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची। दमकल कर्मी रवि, लतीफ खान, फारुख, अमित और उनकी टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। शहर थाना पुलिस भी घटना स्थल पर पहुंच गई थी।
समय रहते आग बुझा ली गई, जिससे पड़ोस के मकानों तक लपटें नहीं पहुंच सकीं। हालांकि, पीड़ित परिवार को भारी नुकसान उठाना पड़ा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here