सागर में निगमायुक्त ने घटिया निर्माण कार्य पर ठेकेदार को नोटिस देने व सख्त कार्रवाई करने के निर्देश

0

निगमायुक्त ने घटिया निर्माण कार्य पर ठेकेदार को नोटिस देने व सख्त कार्रवाई करने के निर्देश

सागर।  विट्ठल नगर वार्ड स्थित श्मशान घाट के जीर्णोद्धार कार्यों में लापरवाही तथा गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर संबंधित ठेकेदार पीयूष जैन पारस बिल्डकॉन के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करते हुए नोटिस जारी करने के निर्देश मंगलवार को निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार एवं निगमायुक्त राजकुमार खत्री द्वारा निरीक्षण के दौरान दिए गए।

यह निरीक्षण नगर निगम सागर द्वारा श्मशान घाट के उन्नयन एवं सुविधाओं के विस्तार हेतु कराए जा रहे निर्माण कार्यों की प्रगति एवं गुणवत्ता का जायजा लेने के उद्देश्य से किया गया।

निरीक्षण के दौरान निगम अध्यक्ष एवं निगमायुक्त ने निर्माण कार्यों के विभिन्न पहलुओं का बारीकी से अवलोकन किया तथा मौके पर मौजूद अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या गुणवत्ता से समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। निगमायुक्त श्री खत्री ने कहा कि नगर निगम द्वारा कराए जाने वाले सभी निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण होना अनिवार्य है। यदि किसी भी कार्य में कमी या लापरवाही पाई जाती है तो संबंधित ठेकेदार के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने इंजीनियरिंग अमले को निर्देशित किया कि निर्माण कार्यों की सतत निगरानी सुनिश्चित की जाए तथा नियमित रूप से गुणवत्ता परीक्षण किया जाए। यदि कहीं भी त्रुटि या अनियमितता दिखाई दे तो उसकी रिपोर्ट तत्काल प्रस्तुत की जाए, जिससे समय रहते सुधारात्मक कार्रवाई की जा सके।

निगमायुक्त ने यह भी कहा कि सार्वजनिक उपयोग से जुड़े स्थलों के निर्माण में विशेष सावधानी बरतना आवश्यक है, ताकि नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त ने वार्ड के नागरिकों से संवाद करते हुए स्वच्छता बनाए रखने की अपील भी की। उन्होंने कहा कि शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने में नागरिकों की भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है। घरों से निकलने वाले कचरे को कचरा वाहन में ही डालें तथा सड़कों या सार्वजनिक स्थलों पर न फेंकें, जिससे स्वच्छ वातावरण बनाए रखने में सहयोग मिल सके।
निरीक्षण के समय पार्षद देवेंद्र अहिरवार, वार्ड पार्षद कन्हई पटेल, उपायुक्त एस एस बघेल, इंजीनियर दिनकर शर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here