सागर केंद्रीय जेल पर उगाही और मारपीट के आरोप, कैदी की बहन ने खोला गंभीर मामला
सागर। सागर केंद्रीय जेल प्रशासन पर एक महिला ने गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का कहना है कि उसका भाई वाशु अहिरवार वर्तमान में सागर केंद्रीय जेल में बंद है। जेल में उसे “ठीक से रखने” के नाम पर उससे लगातार पैसों की मांग की जाती थी।
पीड़िता के अनुसार उसने कई बार पैसे दिए, लेकिन जब एक बार पैसे देने से मना किया तो उसके भाई वाशु अहिरवार के साथ जेल के अंदर कथित रूप से मारपीट की गई। इस घटना के बाद परिवार में भय और आक्रोश का माहौल है।
महिला ने यह भी आरोप लगाया कि जेल के बाहर एक युवक खड़ा रहता है, जो कथित रूप से पैसों की वसूली करता है। उसी युवक के माध्यम से जेल के अंदर तक पैसे पहुंचाए जाते थे। महिला का कहना है कि यह पूरा मामला संगठित तरीके से चलाया जा रहा है।
पीड़िता ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं इस मामले ने जेल की सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
अब देखना यह होगा कि जेल प्रशासन इस गंभीर आरोपों पर क्या जवाब देता है और जांच के बाद सच्चाई सामने आती है या नहीं।

