MP के इस जिले में शराब तस्कर पर पुलिस ने रखा एक रुपये का इनाम

MP के इस जिले में शराब तस्कर पर पुलिस ने रखा एक रुपये का इनाम

नरसिंहपुर। जिले में अवैध शराब तस्करी के एक मामले में पुलिस ने फरार आरोपी पर महज एक रुपये का इनाम घोषित किया है। यह फैसला पुलिस अधीक्षक ऋषिकेश मीना ने लिया है, जिसे लेकर जिले में चर्चा तेज हो गई है।
घटना 9 जनवरी 2026 की है। करेली थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि गाडरवारा से नरसिंहपुर की ओर थार वाहन में बड़ी मात्रा में अवैध शराब लाई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बताए गए मार्ग पर घेराबंदी की।
जैसे ही संदिग्ध थार वाहन नजर आया, पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखकर चालक ने गाड़ी मोड़कर भागने की कोशिश की, लेकिन करीब 200 मीटर तक पीछा करने के बाद पुलिस ने वाहन को रोक लिया।
थार से 396 लीटर देसी शराब बरामद
वाहन की तलाशी लेने पर पुलिस को उसमें से 44 पेटी देसी शराब मिली, जिसकी कुल मात्रा करीब 396 लीटर बताई गई है। मौके से सुरेंद्र लोधी और सलीम खान को गिरफ्तार कर लिया गया। हालांकि, इस अवैध कारोबार का मुख्य सरगना धनराज लोधी मौके से फरार होने में सफल रहा।
एक महीने की तलाश के बाद इनाम घोषित
पुलिस ने धनराज लोधी की गिरफ्तारी के लिए करीब एक महीने तक संभावित ठिकानों पर दबिश दी, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल सका। इसके बाद पुलिस अधीक्षक ऋषिकेश मीना ने उसकी गिरफ्तारी या जानकारी देने वाले के लिए एक रुपये का इनाम घोषित किया। एसपी ने स्पष्ट किया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
आरोपी पर पहले से दर्ज हैं 14 मामले
एसपी मीना के अनुसार, धनराज लोधी पर अब तक कुल 14 प्रकरण दर्ज हैं। इनमें सट्टा, मारपीट और शराब तस्करी से जुड़े मामले शामिल हैं। वह ठेमी, स्टेशनगंज, सुआतला और तेंदूखेड़ा थाना क्षेत्रों में अवैध शराब के कारोबार का प्रमुख संचालक बताया जा रहा है और अलग-अलग इलाकों से शराब की आपूर्ति करता रहा है।
फिलहाल पुलिस उसकी गिरफ्तारी के प्रयास लगातार जारी रखे हुए है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here