सागर, शुक्रवार देर रात गोपालगंज थाना क्षेत्र के ग्राम तालचिरी में डायल-112 पर तैनात एक आरक्षक पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे आरक्षक के सिर पर पत्थर से वार किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल आरक्षक को तत्काल बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, तालचिरी गांव से विवाद की सूचना डायल-112 कंट्रोल रूम को दी गई थी। सूचना मिलते ही गोपालगंज थाना क्षेत्र में तैनात डायल-112 टीम गांव के लिए रवाना हुई। मौके पर पहुंचने पर वहां मौजूद एक व्यक्ति ने पुलिसकर्मियों से कहा कि झगड़ा करने वालों को पकड़ें।
इसी बीच अचानक पीछे से आए एक युवक ने आरक्षक अजय गौंड पर हमला कर दिया। आरोपी ने पत्थर उठाकर उनके सिर पर दे मारा। वार इतना तेज था कि आरक्षक के सिर से खून बहने लगा। घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
डायल-112 वाहन के पायलट ने तत्परता दिखाते हुए घायल आरक्षक को तुरंत अस्पताल पहुंचाया और वरिष्ठ अधिकारियों को घटना की जानकारी दी। चिकित्सकों ने इलाज के दौरान बताया कि आरक्षक अजय के सिर पर तीन टांके लगाए गए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही गोपालगंज थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मामले में प्रकरण दर्ज कर आरोपी की तलाश की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हमलावर की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।


