सागर में हर्ष फायर नहीं, जानबूझकर हत्या: धुन बजाने से मना किया तो नाबालिग को सीने में उतार दी गोली

0
Ad.

सागर में हर्ष फायर नहीं, जानबूझकर हत्या: धुन बजाने से मना किया तो नाबालिग को सीने में उतार दी गोली

सागर। बारात में बैंड बजा रहे नाबालिग को हर्ष फायर के दौरान नहीं, बल्कि दूल्हे के दोस्त ने जानबूझकर गोली मारी थी। इस बात की पुष्टि खुद पुलिस ने की है। पुलिस की पूछताछ में यह खुलासा हुआ है कि आरोपी प्रशांत पटेल ने बैंड बजा रहे 15 वर्षीय विवेक बंसल से राई की धुन बजाने के लिए कहा,
जब उसने कहा कि वह थक गया है, थोड़ी देर से बजा देगा तो नशे में धुत प्रशांत आग-बबूला हो गया और गालियां देते हुए पिस्टल निकालकर विवेक पर फायर कर दिया। गोली विवेक के सीने को चीरते हुए आर-पार हो गई और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। पुलिस ने हत्या के मुख्य आरोपी प्रशांत को गिरफ्तार कर लिया और वारदात के संबंध में पूछताछ कर रही है। पुलिस की जांच में यह बात भी सामने आई है कि सोनी परिवार ने शादी में हर्ष फायर करने के लिए मकरोनिया की आकाश अमन सिक्योरिटी नाम की कंपनी से चार-पांच लोग किराए पर बुलाए थे। यह किराए के लोग भी बारात में शामिल थे, जिन्होंने बीच सड़क पर दर्जनों फायर किए। मामले में अब सिक्योरिटी एजेंसी और दूल्हे का परिवार भी पुलिस की रडार पर है। थाना पुलिस सिक्योरिटी एजेंसी सहित उनके शस्त्र लाइसेंस निरस्त कराने का प्रस्ताव भी उच्चाधिकारियों को भेजेगी।
नाबालिग की मौत के बाद पुलिस ने तुरंत ही फोटो व वीडियोग्राफी करने वालों के ड्रोन व कैमरे जब्त कर लिए थे। पुलिस को ड्रोन के वीडियो में सीधे फायर करते हुए आरोपी नजर नहीं आया, लेकिन जब आसपास के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले तो उसमें 5-6 युवक भागते हुए नजर आए। इसमें एक युवक के हाथ में पिस्टल नजर आई, जो प्रशांत पटेल था। पुलिस ने आरोपी को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की तो पूरी कहानी खुलकर सामने आ गई। हालांकि आरोपी ने पुलिस को दो दिन तक गुमराह किया। आरोपी ने पहले बताया कि उसने वारदात के बाद पिस्टल सूबेदार वार्ड स्थित दुबे तालाब में फेंकी थी, जिसके बाद शुक्रवार व शनिवार को गोताखोर और एसडीआरएफ की टीम के साथ पुलिस बड़ी-बड़ी चुंबक डालकर 7 घंटे तक तालाब की खाक छानती रही, लेकिन पिस्टल नहीं मिली। इसके बाद जब सख्ती दिखाई तो आरोपी से पिस्टल भी बरामद हो गई। सूत्रों का कहना है कि पिस्टल भी अवैध है। पुलिस ने आरोपी को पिस्टल व कारतूस उपलब्ध कराने वाले व्यक्ति की भी पहचान कर ली है।

नाबालिग को प्रशांत पटेल ने गोली मारी थी। आरोपी पुलिस की हिरासत में है। वारदात के बाद आरोपी की मदद करने वालों को भी चिह्नित कर रहे हैं। विवेचना के दौरान व बाद में सहयोग करने वालों को भी सह आरोपी बनाया जाएगा। – ललित कश्यप, सीएसपी, सागर शहर

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here