सागर के कोतवाली क्षेत्र में हत्या, गुस्साए लोगों ने थाने के सामने किया चक्काजाम

0

सागर के कोतवाली क्षेत्र में हत्या, गुस्साए लोगों ने थाने के सामने किया चक्काजाम

सागर। पुरव्याऊ क्षेत्र में नगर निगम के मस्टरकर्मी चंद्रलेश चौरसिया की हत्या के बाद गुरुवार को माहौल तनावपूर्ण हो गया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद दोपहर करीब 12 बजे परिजन शव को लेकर कोतवाली थाना पहुंचे और थाने के सामने सड़क पर जाम लगा दिया। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए।
बताया गया है कि बुधवार शाम लगभग 7:30 बजे चंद्रलेश चौरसिया पर उनके ही रिश्ते में लगने वाले भतीजे ने चार-पांच साथियों के साथ हमला किया। आरोप है कि हमलावरों ने कटर से वार किया। घटना के दौरान बचाव करने पहुंचीं उनकी पत्नी शशि प्रेम बाई भी घायल हो गईं। गंभीर रूप से घायल चंद्रलेश को अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी में घटना के पीछे टोना-टोटका और संपत्ति विवाद को कारण बताया जा रहा है।
चंद्रलेश नगर निगम के वाहन विभाग में मस्टर रोल पर कार्यरत थे। परिवार की आय बढ़ाने के लिए वे गणेश मंदिर क्षेत्र स्थित अपने घर पर पत्नी के साथ समोसे का छोटा व्यवसाय भी संचालित करते थे। उनके निधन से परिवार पर आर्थिक संकट गहरा गया है।
गुरुवार को प्रदर्शन के दौरान परिजनों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी, आरोपियों के मकान गिराने, आर्थिक सहायता प्रदान करने और परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की मांग उठाई। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर परिजनों से बातचीत की और आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया। आश्वासन मिलने के बाद करीब 1:30 बजे जाम समाप्त किया गया और शव अंतिम संस्कार के लिए ले जाया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here