MP : थाने में 22 वर्षीय युवक की मौत से हड़कंप : वॉशरूम में फंदे पर मिला शव, दो कॉन्स्टेबल निलंबित

0

MP : थाने में 22 वर्षीय युवक की मौत से हड़कंप, वॉशरूम में फंदे पर मिला शव, दो कॉन्स्टेबल निलंबित
छतरपुर। जिले के राजनगर थाने में शनिवार को एक 22 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव शाम करीब 5 बजे थाने परिसर में स्थित चाइल्ड डेस्क के वॉशरूम में फांसी के फंदे से लटका मिला। पुलिस प्रारंभिक तौर पर इसे आत्महत्या मान रही है, जबकि परिवार ने हिरासत में पिटाई से मौत होने का आरोप लगाया है।
घटना की खबर फैलते ही थाने के बाहर माहौल तनावपूर्ण हो गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन वहां पहुंच गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। रात करीब 12 बजे तक धरना जारी रहा। स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया था।
सुबह घर से ले गई थी पुलिस
मृतक के पिता किशोरी पटेल ने आरोप लगाया कि शनिवार सुबह करीब 10 बजे दो पुलिसकर्मी—संजय कुमावत और शिवकुमार पाल—उनके बेटे को घर से साथ ले गए थे। उनके अनुसार, बेटे को छोड़ने के बदले 50 हजार रुपये की मांग की गई थी। उन्होंने दावा किया कि गांव से उधार लेकर रकम जुटाने की कोशिश भी की, लेकिन शाम को बेटे की मौत की सूचना मिल गई। पिता का कहना है कि उनके बेटे की मौत मारपीट से हुई है, न कि फांसी लगाने से।
पुलिस का पक्ष
छतरपुर एसपी अगम जैन ने देर रात जानकारी दी कि युवक राजेश पटेल को धारा 151 के एक मामले में पूछताछ के लिए राजनगर थाने लाया गया था। एसपी के मुताबिक, पूछताछ के दौरान वह पेशाब जाने का कहकर वॉशरूम गया और वहीं फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मामले की गंभीरता को देखते हुए उन दो आरक्षकों को निलंबित कर दिया गया है, जिन पर परिजनों ने आरोप लगाए हैं। घटना की जांच न्यायिक मजिस्ट्रेट द्वारा की जा रही है।
थाने के बाहर धरना
शाम करीब 6 बजे के बाद जैसे ही युवक की मौत की खबर गांव पहुंची, परिजन और ग्रामीण थाने पहुंच गए। उन्होंने नारेबाजी करते हुए धरना शुरू कर दिया और युवक को घर से लाने वाले दोनों कॉन्स्टेबल के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की।
महारानी कविता सिंह ने उठाए सवाल
देर रात महारानी कविता सिंह भी राजनगर थाने पहुंचीं। उन्होंने घटना को लेकर पुलिस प्रशासन से जवाब मांगा। उनका कहना था कि यदि थाने के अंदर किसी युवक ने आत्महत्या की है, तो उस समय ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मी क्या कर रहे थे। उन्होंने थाने में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज सार्वजनिक करने की मांग की और कहा कि पूरी जांच पारदर्शी तरीके से कराई जानी चाहिए। उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर न्याय दिलाने का आश्वासन भी दिया।

Ad 1

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here