माँ कर्मा देवी जयंती: ऐतिहासिक स्वरूप लेने जा रहा है चतुर्थ निःशुल्क आदर्श विवाह सम्मेलन 2026

0

माँ कर्मा देवी जयंती: ऐतिहासिक स्वरूप लेने जा रहा है चतुर्थ निःशुल्क आदर्श विवाह सम्मेलन 2026

सागर। दिनांक 24 फरवरी को साहू सामुदायिक भवन, सागर में युवा मंडल साहू समाज की एक भव्य एवं अत्यंत महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई, जिसमें माँ कर्मा देवी जयंती महामहोत्सव के अवसर पर आयोजित होने वाले चतुर्थ निःशुल्क आदर्श विवाह सम्मेलन 2026 की अंतिम रूपरेखा तैयार की गई। बैठक में समाज के लोगों की बड़ी एवं उत्साहपूर्ण उपस्थिति ने यह स्पष्ट संकेत दिया कि इस वर्ष का सम्मेलन पूर्व वर्षों की अपेक्षा और अधिक भव्य, सुव्यवस्थित तथा ऐतिहासिक बनने जा रहा है। विभिन्न व्यवस्थाओं पर विस्तृत चर्चा करते हुए पंजीयन, बारात, मंच संचालन, भोजन, अतिथि सत्कार, आवास, उपहार वितरण, सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा विदाई समारोह सहित सभी व्यवस्थाओं के लिए अलग-अलग समितियों का गठन किया गया तथा पदाधिकारियों एवं सदस्यों को स्पष्ट जिम्मेदारियाँ सौंपी गईं। सभी ने अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा एवं समर्पण के साथ करने का संकल्प लिया।

मंडल के प्रवक्ता शिवम साहू ने बताया की  सम्मेलन की सबसे विशेष और प्रेरणादायी घोषणा यह रही कि प्रत्येक नवविवाहित वर-वधु को लगभग ₹1,00,000 (एक लाख रुपये) की उपहार सामग्री प्रदान की जाएगी। इसमें लगभग ₹40,000 की सामग्री युवा मंडल साहू समाज द्वारा, लगभग ₹50,000 की सामग्री समाज के सामाजिक समाजसेवियों द्वारा, तथा शेष सहयोग स्वेच्छा से उपहार प्रदान करने वाले समाजजनों एवं महिला मंडल के माध्यम से सुनिश्चित किया जाएगा। इस प्रकार प्रत्येक जोड़े को पर्याप्त गृहस्थी सामग्री प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भर एवं सम्मानजनक वैवाहिक जीवन के लिए सशक्त आधार दिया जाएगा। यह पहल समाज की एकजुटता, सेवा भावना और सामाजिक उत्तरदायित्व का सशक्त उदाहरण प्रस्तुत करेगी।

गौरतलब है कि युवा मंडल साहू समाज पिछले तीन वर्षों में अब तक 23 बेटियों का कन्यादान कर उनकी विदाई सम्मानपूर्वक संपन्न करा चुका है, जो समाज की निरंतर सेवा और समर्पण की जीवंत मिसाल है।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि बारात कार्यक्रम सुबह 10 बजे पद्माकर सभागार से साहू सामुदायिक भवन तक निकाला जाएगा, जो आयोजन का प्रमुख आकर्षण होगा। विवाह उपरांत वर-वधु की पारंपरिक डोली विदाई की विशेष व्यवस्था की जाएगी, जिसके पश्चात साहू सामुदायिक भवन से एलिवेटेड कॉरिडोर तक कारों द्वारा सामूहिक विदाई समारोह आयोजित होगा। इस भावनात्मक एवं भव्य विदाई में समाज के प्रत्येक घर से सदस्य अपने-अपने वाहनों सहित शामिल होकर बेटियों की विदाई में सहभागी बनेंगे, जो सामाजिक एकता एवं सामूहिक सहभागिता का अनुपम दृश्य प्रस्तुत करेगा।

बैठक के दौरान समाजजनों द्वारा अनेक महत्वपूर्ण विचार एवं सुझाव प्रस्तुत किए गए, जिन पर गंभीर चर्चा कर सर्वसम्मति से अमल करने का निर्णय लिया गया। साथ ही सम्मेलन के दिन कुछ नए सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम जोड़ने का प्रस्ताव भी स्वीकृत किया गया, जिससे आयोजन और अधिक आकर्षक, प्रेरणादायी एवं अनुकरणीय बनेगा। अंत में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि अगली बैठक दिनांक 6 मार्च, शुक्रवार, सायं 6 बजे होली मिलन समारोह के रूप में आयोजित की जाएगी, जिसमें आयोजन की प्रगति की समीक्षा भी की जाएगी।

इस प्रकार चतुर्थ निःशुल्क आदर्श विवाह सम्मेलन 2026 केवल एक वैवाहिक आयोजन नहीं, बल्कि साहू समाज की एकता, सहयोग, सेवा भावना और सामाजिक समर्पण का विराट प्रतीक बनने जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here