सागर के गढ़ाकोटा में रहस मेले का उद्घाटन, CM डॉ मोहन यादव हुए शामिल
सागर के गढ़ाकोटा में ऐतिहासिक तीन दिवसीय रहस लोक उत्सव का शुभारंभ गुरुवार को किया गया।
शुभारंभ समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शामिल हुए। सीएम हवाई मार्ग से शाम करीब 5.10 बजे गढ़ाकोटा पहुंचे। रहस मेले का शुभारंभ किया। सीएम डॉ. यादव ने राज्य शासन द्वारा संचालित विभिन्न पेंशन योजनाओं की, जिनमें वृद्ध, विधवा (कल्याणी) और दिव्यांगजनों के लिए पेंशन योजना के तहत हितग्राहियों को 196.72 करोड़ रुपए का सिंगल क्लिक के माध्यम से वितरण किया। इस दौरान सागर जिले के 200688 पेंशन लाभार्थियों को 12.03 करोड़ रुपए की राशि वितरित की गई।

समारोह में पूर्व मंत्री और रहली विधायक गोपाल भार्गव ने मंच को संबोधित करते हुए विधानसभा क्षेत्र के लिए विकास कार्यों की मांग सीएम के सामने रखी। उन्होंने किसानों के लिए सिंचाई परियोजना, युवाओं के लिए स्पोर्ट्स काम्प्लेक्स, बेरोजगारों के लिए उद्योग, सड़क आदि मांगें सीएम के सामने रखी। अपने भाषण के आखिर में पूर्वमंत्री भार्गव ने कहा कि एक बात और कहेंगे, हम बुंदेलखंड के लोग हैं। हम गरीब हो सकते हैं, परेशान हो सकते हैं। लेकिन हम कभी गद्दार नहीं हो सकते हैं। हम लोग बुरे समय में सरकार के साथ रहे हैं।
जब भारत में दो सांसद होते थे भाजपा के, उस समय भी जनता ने हमें जिताया। उनकी यह बात सुनकर पंडाल में बैठी जनता ने खूब तालियां बजाई। पूर्वमंत्री भार्गव हमेशा अपने बयानों को लेकर चर्चाओं में रहते हैं।
रहली, गढ़ाकोटा में स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स बनाने की घोषणा
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि भार्गवजी ने कहा था कि इस मेले में हर साल मुख्यमंत्री आते हैं। इसलिए मैंने भी बोला कि मैं आऊंगा और आ गया। लेकिन समय कम है। अंधेरा होने से पहले जाना है। बुंदेलखंड की धरती पर सबसे ज्यादा आनंद आता है। आज प्रदेश के हितग्राहियों को पेंशन की राशि वितरित की गई है। आगे उन्होंने घोषणा करते हुए कहा कि रहली और गढ़ाकोटा में स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स बनाए जाएंगे। ढाना के शासकीय वाणिज्य संकाय में इतिहास विषय का पाठ्यक्रम खोला जाएगा। खैराना मार्ग पर फ्लाईओवर और रहली-रमखिरिया-मढ़ी मार्ग के उन्नयन, चौड़ीकरण, टू-लेन करने की घोषणा करता हूं। रहली, गढ़ाकोटा कृषि उपज मंडी में 5-5 करोड़ और शाहपुरा उपमंडी में 1 करोड़ की राशि विकास कार्यों के लिए स्वीकृत करता हूं। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि यह वर्ष किसान कल्याण वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है। ऐसे में किसानों के पास सिंचाई का पानी पहुंचे, यह सरकार की जिम्मेदारी है। सरकार इस पर काम कर रही है। घोषणाएं करने के बाद सीएम गढ़ाकोटा से जबलपुर के लिए रवाना हुए।
कार्यक्रम में एकजुट दिखी भाजपा
रहस मेले के शुभारंभ के मौके पर कार्यक्रम में सागर सांसद लता वानखेड़े, दमोह सांसद राहुल लोधी, पूर्वमंत्री भूपेंद्र सिंह, सागर विधायक शैलेंद्र जैन, नरयावली विधायक प्रदीप लारिया, देवरी विधायक बृजबिहारी पटेरिया, बंडा विधायक वीरेंद्र सिंह लोधी समेत अन्य भाजपा नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे।
कैबिनेट मंत्री गोविंद सिंह राजपूत भोपाल में होने के कारण कार्यक्रम में नहीं आ सके।
गढ़ाकोटा में ड्रोन और उड़ान गतिविधियों पर प्रतिबंध मुख्यमंत्री के 26 फरवरी के प्रस्तावित कार्यक्रम को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। कलेक्टर संदीप जीआर ने कानून एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किए हैं।
पुलिस अधीक्षक सागर द्वारा भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 163 के तहत विशिष्ट अतिथियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए गढ़ाकोटा और कार्यक्रम स्थल के आसपास ड्रोन, पैराग्लाइडर, हॉट एयर बैलून और अन्य फ्लाइंग ऑब्जेक्ट की उड़ान पर प्रतिबंध लगाने का प्रस्ताव दिया गया था।
25 फरवरी रात से 26 फरवरी रात तक लागू रहेगा आदेश
उक्त प्रस्ताव के आधार पर 25 फरवरी की रात 8 बजे से 26 फरवरी की रात 10 बजे तक गढ़ाकोटा और कार्यक्रम स्थल के आसपास के क्षेत्र में ड्रोन, पैराग्लाइडर, हॉट एयर बैलून और अन्य किसी भी प्रकार की उड़ान गतिविधि पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। आदेश का उल्लंघन करने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।


