पूर्व विधायक के भांजे ने 12 बोर की लाइसेंसी बंदूक से खुद को मारी गोली
मध्य प्रदेश के अशोकनगर जिले में शुक्रवार देर शाम एक दर्दनाक घटना सामने आई। पूर्व विधायक जजपाल सिंह जज्जी के भांजे ने अपने ही घर में खुद को गोली मारकर जान दे दी। घटना के वक्त घर में कोई भी परिजन मौजूद नहीं था, क्योंकि सभी लोग एक सगाई समारोह में शामिल होने गए हुए थे। मामला देहात थाना क्षेत्र के इंग्लेखेड़ी गांव का है।
मृतक की पहचान 26 वर्षीय गुरतेज पुत्र बिजेंदर सिंह संधू के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, घर में काम करने वाले एक कर्मचारी को अचानक गोली चलने की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनते ही वह तुरंत अंदर के कमरे की ओर भागा। कमरे में पहुंचते ही उसने देखा कि गुरतेज खून से लथपथ जमीन पर पड़े हैं। यह दृश्य देखकर कर्मचारी घबरा गया।
बताया जाता है कि कर्मचारी तत्काल ट्रैक्टर लेकर उस होटल पहुंचा, जहां परिवार के सदस्य इंगेजमेंट कार्यक्रम में शामिल थे। उसने वहां पहुंचकर घटना की सूचना दी। खबर मिलते ही परिजन घबराए हुए घर लौटे।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, युवक ने अपने बड़े भाई की 12 बोर की लाइसेंसी बंदूक से खुद को गोली मारी। गोली सीधे माथे पर लगी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। गुरतेज खेती-किसानी से जुड़ा हुआ था। घटना के समय उसके पिता डबरा में थे।
घटना की सूचना मिलते ही देहात थाना प्रभारी भुवनेश शर्मा अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। थाना प्रभारी के मुताबिक शनिवार को परिजनों की मौजूदगी में पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा। मौके से जुटाए गए साक्ष्य फोरेंसिक जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं।
पुलिस का कहना है कि युवक ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया, इसकी वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है। परिजनों और करीबी लोगों से पूछताछ की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही आत्महत्या के पीछे के कारणों का खुलासा हो सकेगा।


