अवैध सागौन कटाई के दौरान वन अमले पर हमला, फायरिंग कर भागे तस्कर, एक आरोपी गिरफ्तार

अवैध सागौन कटाई के दौरान वन अमले पर हमला, फायरिंग कर भागे तस्कर, एक आरोपी गिरफ्तार

सागर। नरसिंहपुर जिले में स्थित वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व के डोंगरगांव वन परिक्षेत्र में सोमवार 3 फरवरी को उस समय हड़कंप मच गया, जब अवैध सागौन कटाई में लगे बदमाशों ने वन विभाग की गश्ती टीम पर गोली चला दी। फायरिंग के बाद आरोपी जंगल का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। घटना आमापानी बीट की है।
वन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, पश्चिम आमापानी बीट में बीट गार्ड वनरक्षक ऋषिकेश टैगोर अपने साथ दो श्रमिक—संतोष ठाकुर और जगदीश नोरिया—को लेकर बाइक से नियमित गश्त पर निकले थे। टीम तालाब क्षेत्र की जांच के लिए पहुंची, तभी वहां कुछ संदिग्ध लोग दिखाई दिए, जिनके पास दो बंदूकें थीं।
वनकर्मियों द्वारा पूछताछ किए जाने पर आरोपियों ने अचानक हथियार तान दिए और फायरिंग शुरू कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आसपास छिपे अन्य लोग भी बाहर निकल आए और तीन से चार राउंड गोलियां चलाईं। जान बचाने के लिए वनकर्मियों को अपनी बाइक वहीं छोड़कर जंगल की ओर भागना पड़ा। बदमाशों ने बाइक में तोड़फोड़ भी की।
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया, जिसके बाद वन विभाग की अतिरिक्त टीमें मौके पर पहुंचीं, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे।
तीन की पहचान, एक आरोपी गिरफ्तार
जांच के दौरान टीम ने मौके पर मौजूद करीब आठ लोगों में से तीन आरोपियों की पहचान की। इनमें राजा लोधी निवासी रमपुरा, अरविंद पटेल निवासी कुमरोढ़ा और रामसेवक गौंड निवासी ग्राम रमपुरा शामिल हैं। मामले की शिकायत सुआतला थाने में दर्ज कराई गई, जिस पर पुलिस ने अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की।
आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीमों ने कई स्थानों पर दबिश दी। खोजबीन के दौरान डॉग स्क्वॉड की भी मदद ली गई। कार्रवाई में आरोपियों के ठिकानों से बड़ी मात्रा में अवैध सागौन की लकड़ी, हिरण सहित अन्य वन्यजीवों के अंग, धारदार हथियार और अन्य आपत्तिजनक सामग्री जब्त की गई।
फरार आरोपियों की तलाश जारी
टाइगर रिजर्व के डीएफओ रजनीश कुमार सिंह ने बताया कि वन अमले पर फायरिंग की घटना को गंभीरता से लिया गया है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जिसके पास से सागौन की लकड़ी, वन्यजीवों के अंग, बंदूक और अन्य हथियार बरामद हुए हैं। बाकी फरार आरोपियों की तलाश लगातार की जा रही है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here