दमोह-छतरपुर स्टेट हाईवे हादसा: मंदिर जा रहे दंपती की कार नदी में समाई, एसडीआरएफ ने रेस्क्यू कर निकाली कार
दमोह। दमोह-छतरपुर स्टेट हाईवे पर नरसिंहगढ़ के पास सुनार नदी से मंगलवार सुबह 18 घंटे बाद लापता महिला का शव बरामद कर लिया गया है। रात में चले रेस्क्यू में नदी से कार निकाली गई थी। कार सवार युवक अस्पताल में भर्ती है।
नरसिंहगढ़ चौकी प्रभारी अभिषेक पटेल ने बताया कि मंगलवार को कार सवार सुनील अहिरवार को रेस्क्यू कर लिया था। इसके बाद रात में कार नदी से निकाली गई। सुनील की पत्नी सपना अहिरवार का शव सुबह करीब 10 बजे बरामद कर लिया गया है।
होमगार्ड के डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट हर्ष कुमार जैन ने बताया कि बुधवार सुबह एसडीआरएफ की टीम ने सुनार नदी में महिला की तलाश के लिए फिर से अभियान शुरू किया था। 10 बजे के करीब शव निकाला गया।
पिता ने लगाया हत्या का आरोप
महिला के पिता लुट्टन अहिरवार ने कहा कि दामाद बेटी को पुत्र नहीं होने पर ताने मारता था। उसे दो बेटियां हैं। पिता का आरोप है कि दमाद ने जानबूझकर बेटी को नदी में ले जाकर हत्या कर दी है। जब दोनों नदी में साथ गिरे थे, तो दामाद कैसे बच गया। उन्होंने दामाद और सास-ससुर को गिरफ्तार कर मामले की जांच की मांग की है।
नरसिंहगढ़ चौकी प्रभारी अभिषेक पटेल का कहना है कि आरोपों की जांच की जा रही है। जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
पति-पत्नी बकायन हनुमान मंदिर जा रहे थे
देहात थाना क्षेत्र के कल्याणपुरा निवासी सुनील उर्फ अमित अहिरवार अपनी पत्नी सपना के साथ अपनी क्विड कार से बकायन स्थित प्रसिद्ध हनुमान मंदिर जा रहे थे। इसी दौरान नरसिंहगढ़ पुल पर उनकी कार बेकाबू होकर सीधे नदी के गहरे पानी में जा गिरी।
सुनील के चचेरे भाई महेश अहिरवार ने बताया कि सुनील मंगलवार को अपने परिवार के सहित बकायन हनुमान मंदिर दर्शन करने जाते थे। इस मंगलवार को सुनील की दो बेटियां घटना के वक्त दादी के पास थीं। जिससे वे मंदिर नहीं गईं।
बचाव कार्य में गहराई और अंधेरे से हुई दिक्कत
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी श्रुत कीर्ति सोमवंशी के निर्देश पर एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची है। रेस्क्यू ऑपरेशन का नेतृत्व टीम प्रभारी प्राची दुबे ने किया।
एसडीआरएफ टीम प्रभारी प्राची दुबे ने बताया कि अंधेरा होने और नदी में अधिक पानी होने से टीम को रेस्क्यू करने में परेशानी हो रही थी। डीप ड्राइवर कई बार नदी में गोता लगा चुका था। रात करीब 11 बजे हमें सफलता मिली है।
परिजन ने जाम लगाने की कोशिश की
परिजन ने पुल के समीप दमोह-छतरपुर हाईवे पर जाम लगाने का प्रयास किया गया। जिसे पुलिस और जिला प्रशासन के अधिकारियों ने समझाइश देकर रुकवा दिया।
मौके पर एडिशनल एसपी सुजीत सिंह भदोरिया, बटियागढ़ टीआई रजनी शुक्ला और देहात थाना प्रभारी रचना मिश्रा भी पुलिस बल के साथ मौजूद रहीं।


