शाहगढ़ में अपराध बेलगाम : शराब दुकान के पास चली गोली, हथियार छोड़कर फरार बदमाश
सागर जिले के शाहगढ़ कस्बे में अपराध की घटनाओं ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। एक ओर जहां बुधवार शाम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) के गेट पर स्टाफ नर्स की गोली मारकर हत्या की गुत्थी अभी सुलझी भी नहीं थी, वहीं ठीक 24 घंटे बाद उसी क्षेत्र में एक और फायरिंग की घटना सामने आ गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गुरुवार शाम करीब 8 बजे शाहगढ़ के टीकमगढ़ तिराहे पर स्थित शराब दुकान के पास एक अज्ञात युवक ने अचानक एक राउंड फायर किया और मौके से फरार हो गया। घटना के समय सड़क पर ट्रकों की आवाजाही अधिक होने के कारण आसपास मौजूद लोग शुरुआत में गोली चलने की आवाज को समझ नहीं पाए।
कुछ देर बाद जब लोगों ने घटनास्थल को देखा तो वहां एक बंदूक पड़ी हुई थी, साथ ही खून के धब्बे भी पाए गए। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही शाहगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और क्षेत्र को घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी है।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि गोली चलाने वाला युवक कौन था, वह हथियार मौके पर कैसे छोड़ गया और फायरिंग के पीछे उसका उद्देश्य क्या था। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ-साथ प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रही है।
लगातार दो दिनों में ठीक एक ही समय पर हुई फायरिंग की घटनाओं से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए पुलिस से जल्द खुलासा करने की मांग की है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा।


