सागर में कांग्रेस कार्यालय का घेराव, भाजपा-युवा मोर्चा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच टकराव
सागर। दिल्ली में आयोजित इंडिया एआई (AI) इम्पैक्ट समिट 2026 के दौरान हुए यूथ कांग्रेस के शर्टलेस प्रदर्शन के विरोध में शनिवार को सागर में राजनीतिक माहौल गरमा गया। भारतीय जनता पार्टी और उसके युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने शहर स्थित कांग्रेस कार्यालय का घेराव किया। इस दौरान वहां पहले से मौजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं और घेराव करने पहुंचे भाजपा समर्थकों के बीच तीखी नारेबाजी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते टकराव में बदल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, भाजपा कार्यकर्ता कटरा बाजार से रैली के रूप में कांग्रेस कार्यालय की ओर बढ़े। जैसे ही वे बैरिकेडिंग के पास पहुंचे, दोनों दलों के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। आरोप-प्रत्यारोप और नारेबाजी के बीच माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया। इसी दौरान दोनों पक्षों की ओर से झाड़ू और जूते-चप्पल फेंके गए। कुछ कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे के नेताओं के पुतले जलाने की भी कोशिश की, जिससे स्थिति और भड़क उठी।
पुलिस प्रशासन ने कांग्रेस कार्यालय के बाहर पहले से बैरिकेडिंग कर रखी थी और बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात था। हालांकि बढ़ते तनाव को देखते हुए हालात नियंत्रण से बाहर होते नजर आए। इसके बाद पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए वॉटर कैनन का इस्तेमाल किया। पानी की बौछारों के बाद धीरे-धीरे प्रदर्शनकारी पीछे हटे और स्थिति काबू में आई। पुलिस अधिकारियों के अनुसार फिलहाल क्षेत्र में शांति है और हालात नियंत्रण में हैं।
दरअसल, शुक्रवार को दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित अंतरराष्ट्रीय एआई (AI) समिट के दौरान यूथ कांग्रेस के कुछ कार्यकर्ताओं ने अर्धनग्न होकर प्रधानमंत्री के खिलाफ नारे लगाए थे। भाजपा ने इस प्रदर्शन को विदेशी प्रतिनिधियों के सामने देश की छवि धूमिल करने वाला कदम बताया है। वहीं कांग्रेस का कहना है कि यह प्रदर्शन बेरोजगारी और डेटा सुरक्षा जैसे मुद्दों को लेकर अपनी बात रखने का तरीका था।
इसी घटना के विरोध में सागर में भाजपा और युवा मोर्चा ने प्रदर्शन का आयोजन किया। हालांकि टकराव के बाद पुलिस की सख्ती से मामला शांत हो गया, लेकिन राजनीतिक बयानबाजी का दौर जारी रहने की संभावना जताई जा रही है।


