सागर में विज्ञापन पोल से लटका मिला 22 वर्षीय युवक का शव, परिजनों ने चार लोगों पर हत्या का आरोप लगाया
मध्य प्रदेश के सागर शहर में सोमवार देर रात एक 22 वर्षीय युवक का शव विज्ञापन के पोल पर फंदे से लटका हुआ मिला। यह घटना खुरई रोड स्थित कृषि उपज मंडी के पास की है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर कार्रवाई शुरू की।
पुलिस के मुताबिक, मंडी के पास लगे एक बड़े विज्ञापन पोल पर देर रात कुछ लोगों ने युवक को लटका देखा। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस को खबर दी। टीम ने पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पंचनामा तैयार किया।
इसी दौरान मृतक के परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए। उन्होंने युवक की पहचान गढ़ोली खुर्द निवासी हीरालाल पिता परमलाल अहिरवार के रूप में की। पहचान की पुष्टि होने के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया।
भाई का आरोप—मारपीट के बाद घर से ले गए थे
मृतक के भाई संतोष अहिरवार ने गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि घटना से पहले कुछ लोगों ने चौराहे के पास हीरालाल के साथ मारपीट की थी। घायल अवस्था में वह घर लौटा और संतोष के मोबाइल से सीएम हेल्पलाइन नंबर 181 पर कॉल किया।
आरोप है कि इसी दौरान चार लोग घर पहुंचे और हीरालाल को अपने साथ ले गए। बाद में उसका शव मंडी के पास पोल से लटका मिला। संतोष का दावा है कि उसके भाई की हत्या कर उसे फांसी पर टांगा गया।
घटना की जानकारी मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंचे, जहां हीरालाल मृत अवस्था में मिला। परिजनों की सूचना पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से खुलेगा राज
मोतीनगर थाना पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ा रही है।


