सीसीटीवी कंट्रोल रूम का कमाल  बकरे की हिलती पूंछ की परछाई से मिला सुराग, दुखी परिवार को मिला उनका प्यारा बकरा”

0

सीसीटीवी कंट्रोल रूम का कमाल  बकरे की हिलती पूंछ की परछाई से मिला सुराग, दुखी परिवार को मिला उनका प्यारा बकरा”

छोटी-छोटी मदद से परेशान लोगों का सहारा बन रही पुलिस कंट्रोल रूम सीसीटीवी टीम

सागर। आधुनिक तकनीक, सजग निगरानी और सूक्ष्म विश्लेषण का एक अनूठा उदाहरण उस समय देखने को मिला जब थाना कोतवाली क्षेत्र निवासी मोहम्मद शब्बीर द्वारा अपने प्रिय बकरे के चोरी होने संबंधी आवेदन थाना कोतवाली में प्रस्तुत किया गया। आवेदन प्राप्त होने के पश्चात उन्हें आवश्यक तकनीकी सहायता हेतु सीसीटीवी कंट्रोल रूम भेजा गया।
घटना से व्यथित एवं चिंतित फरियादी ने कंट्रोल रूम पहुँचकर मदद की गुहार लगाई। मामले को गंभीरता से लेते हुए सीसीटीवी टीम ने तत्काल आसपास लगे कैमरों के फुटेज का गहन विश्लेषण प्रारंभ किया। प्रारंभिक तौर पर कोई स्पष्ट दृश्य प्राप्त नहीं हुआ, किंतु टीम ने धैर्य एवं तकनीकी दक्षता का परिचय देते हुए बारीकी से फुटेज की समीक्षा जारी रखी।
विश्लेषण के दौरान एक कैमरे में जमीन पर पड़ती बकरे की हिलती हुई पूंछ की हल्की सी परछाई दिखाई दी। इसी सूक्ष्म संकेत को आधार बनाकर टीम ने अगले कैमरों की फुटेज को क्रमबद्ध तरीके से खंगाला और बकरे के जाने की दिशा एवं संभावित मार्ग का सटीक अनुमान लगाया।
तत्पश्चात संबंधित थाना पुलिस एवं बकरा मालिक को उस संभावित स्थान पर भेजा गया, जहाँ खोजबीन करने पर बकरा सुरक्षित अवस्था में मिल गया। इस प्रकार सीसीटीवी टीम की सूझबूझ और तकनीकी विश्लेषण के कारण दुखी परिवार को उनका प्यारा बकरा पुनः प्राप्त हो सका।
इस सराहनीय कार्यवाही में उप निरीक्षक आरकेएस चौहान, कंट्रोल रूम की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिन्होंने पूरे घटनाक्रम का तकनीकी पर्यवेक्षण किया। साथ ही टीम सदस्य रेखा रजक द्वारा फुटेज विश्लेषण में विशेष योगदान दिया गया। सम्पूर्ण कार्यवाही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लोकेश कुमार सिंहा के मार्गदर्शन में संपन्न हुई, जिनके निर्देशन में तकनीकी संसाधनों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित किया गया।
यह घटना दर्शाती है कि सागर पुलिस की सीसीटीवी टीम न केवल गंभीर अपराधों में बल्कि आमजन की छोटी-छोटी समस्याओं में भी संवेदनशीलता एवं तत्परता से कार्य कर रही है, जिससे पुलिस और जनता के बीच विश्वास और सहयोग और अधिक सुदृढ़ हो रहा है।

सीसीटीवी कंट्रोल रूम की टीम की सजगता, तकनीकी दक्षता एवं मानवीय संवेदनशीलता अत्यंत सराहनीय है। सूक्ष्म संकेतों को पहचानकर परिणाम तक पहुँचना उनकी विशेषज्ञता का प्रमाण है।
वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा संपूर्ण सीसीटीवी टीम को उनके उत्कृष्ट एवं जनहितकारी कार्य हेतु हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दी गई

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here