कर्मचारियों के समस्त स्वत्वों का समय-सीमा में भुगतान सुनिश्चित करें – संभाग आयुक्त अनिल सुचारी

कर्मचारियों के समस्त स्वत्वों का समय-सीमा में भुगतान सुनिश्चित करें – संभाग आयुक्त अनिल सुचारी

सागर। संभाग आयुक्त अनिल सुचारी ने संभाग के समस्त शासकीय कार्यालयों को निर्देशित किया है कि सेवानिवृत्त एवं दिवंगत शासकीय सेवकों के पेंशन प्रकरणों, देय स्वत्वों एवं अनुकम्पा नियुक्ति से संबंधित सभी लंबित मामलों का शीघ्र निराकरण किया जाए।

संभाग के समस्त जिलों के शासकीय कार्यालयों में कार्यरत/सेवानिवृत्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों के वेतन, भत्तों, पेंशन एवं अन्य स्वत्वों के निराकरण हेतु एक विशेष अभियान संचालित किया गया था। इस संबंध में आवश्यक जानकारी प्रतिमाह अद्यतन करने के निर्देश दिए गए थे। निर्देशों में यह भी स्पष्ट किया गया था कि कर्मचारियों को समय पर वेतन भुगतान के साथ-साथ लंबित वेतन-भत्ते, वेतनवृद्धि, वेतन निर्धारण, सेवा सत्यापन, सेवा पुस्तिका संधारण, जीपीएफ/डीपीएफ पासबुक की द्वितीय प्रति, चिकित्सा प्रतिपूर्ति, अर्जित अवकाश नगदीकरण, समूह बीमा योजना, ग्रेच्युटी, जीपीएफ/डीपीएफ/एनपीएस का अंतिम भुगतान, पेंशन प्रकरणों एवं अनुकम्पा नियुक्ति से संबंधित जानकारी गूगलशीट में अनिवार्य रूप से प्रविष्ट की जाए।इसके बावजूद कई अधीनस्थ कार्यालयों द्वारा गूगलशीट में जानकारी अद्यतन नहीं की जा रही है। विशेष रूप से जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय एवं जिला चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय से संबंधित सेवानिवृत्त शासकीय सेवकों के आवेदन निरंतर प्राप्त हो रहे हैं, जिनमें उनके स्वत्वों का समय पर निराकरण नहीं किया गया है।

संभाग आयुक्त ने सभी जिला एवं विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे अपने-अपने जिले/विभाग के सेवानिवृत्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लंबित पेंशन प्रकरणों, अनुकम्पा नियुक्ति के मामलों तथा समस्त लंबित स्वत्वों कृ जैसे ग्रेच्युटी, अर्जित अवकाश नगदीकरण, समूह बीमा, जीपीएफ/डीपीएफ/एनपीएस का अंतिम भुगतान, चिकित्सा प्रतिपूर्ति एवं भ्रमण देयकों की अद्यतन जानकारी 15 दिवस के भीतर इस कार्यालय को अनिवार्य रूप से प्रेषित करें। उन्होंने कहा कि यदि भविष्य में पेंशन अथवा अन्य स्वत्वों से संबंधित प्रकरण लंबित पाए गए, तो संबंधित संभागीय एवं जिला अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here