कर्ज के दबाव में कपड़ा व्यापारी की मौत, जहर खाने के बाद इलाज के दौरान तोड़ा दम, परिजनों का चक्काजाम
सागर के कोतवाली थाना क्षेत्र में एक कपड़ा व्यापारी ने जहर खा लिया। इलाज के दौरान अस्पताल में उनकी मौत हो गई। मामले की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा बनाया। शुक्रवार को पोस्टमार्टम कराकर शव परिवार वालों को सौंप दिया। जिसके बाद परिजनों ने माता मढ़िया तिराहे के पास सड़क पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया।
उन्होंने पैसों के लेनदेन में कुछ लोगों पर व्यापारी को परेशान करने का आरोप लगाया है। परिजनों ने मामले में जांच कर उक्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। चक्काजाम की सूचना पर कोतवाली और मोतीनगर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। लोगों को समझाइश देकर मामला शांत कराया। मामले में सख्त कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। जिसके बाद परिजन माने और चक्काजाम खत्म किया। शव लेकर अंतिम संस्कार के लिए चले गए।
कर्ज को लेकर परेशान था व्यापारी
बाहुबली कॉलोनी निवासी विकास जैन उर्फ मोगली ने अज्ञात कारणों के चलते जहरीला पदार्थ खा लिया। तबीयत बिगड़ने पर परिवार वालों ने भाग्योदय अस्पताल में भर्ती कराया। जहां इलाज के दौरान गुरुवार रात विकास की मौत हो गई। परिचितों ने बताया कि मृतक विकास कर्ज को लेकर परेशान रहता था। उसने शहर के कुछ लोगों से कर्ज ले रखा था।
जिसको लेकर वह विकास को परेशान कर रहे थे। मानसिक रूप से प्रताड़ित होकर विकास ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या जैसा कदम उठाया है। मृतक गारमेंट की दुकान चलाता था। मामले में कोतवाली थाना पुलिस मामला दर्ज कर सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।


