सागर में दिल दहला देने वाली वारदात, बेटे ने मां की हत्या कर हुआ फरार
सागर। बीना के सुभाष वार्ड स्थित ग्वाल टोली में बेटे ने शनिवार देर रात मां की हत्या कर दी। घटना की सूचना पुलिस को महिला के पति ने दी। पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है। हत्या का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है।
मृतिका के पति प्रेम नारायण रैकवार (57) ने पुलिस को बताया कि वह होटल में बर्तन धोने का काम करता है। जब वे घर लौटे तो उनके बेटे ने दरवाजा खोला और तुरंत वहां से भाग गया। जब घर के अंदर जाकर देखा तो पत्नी गौराबाई रैकवार (55) बेहोश पड़ी हुई थी। पत्नी को लेकर तत्काल सिविल अस्पताल पहुंचा। जहां डॉक्टर की जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया
उन्होंने यह भी बताया कि उनका बेटा आए दिन अपनी मां के साथ मारपीट करता था। घटनास्थल पर छोटे पत्थर भी मिले हैं, जिससे आशंका है कि पत्थरों से हमला कर हत्या की गई है। पत्नी के सिर में चोट के निशान भी हैं।
पुलिस ने पति की शिकायत पर मर्ग कायम कर लिया है और मामले की गहनता से जांच कर रही है। आरोपी बेटे की तलाश जारी है।
बीना थाने के उपनिरीक्षक निशांत भगत ने बताया कि बेटे की ओर से मां की हत्या की पुष्टि हुई है, लेकिन हत्या का सटीक कारण अभी अज्ञात है। उन्होंने कहा कि साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हत्या के तरीके और कारणों का खुलासा हो पाएगा।

