बागेश्वर धाम में परिक्रमा के दौरान 22 वर्षीय युवक की तबियत बिगड़ी अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

0

बागेश्वर धाम में परिक्रमा के दौरान 22 वर्षीय युवक की तबियत बिगड़ी अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

Ad 1

छतरपुर। बागेश्वर धाम में शनिवार सुबह परिक्रमा कर रहे एक 22 वर्षीय युवक की अचानक तबीयत खराब हो जाने से मौत हो गई। मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले के मदरियापुर गांव निवासी रामानंद के रूप में हुई है। घटना सुबह लगभग 11 बजे की बताई जा रही है, हालांकि परिजनों को इसकी पूरी जानकारी देर रात मिल सकी।
परिवार के अनुसार, रामानंद अपने पिता कैलाश के साथ पहली बार बागेश्वर धाम दर्शन के लिए आया था। कैलाश ने बताया कि उनका बेटा लंबे समय से अस्वस्थ चल रहा था। वह स्पष्ट रूप से बोल नहीं पाता था और उसे भोजन करने में भी परेशानी होती थी। बेटे के इलाज और मन्नत के लिए वे उसे लेकर धाम पहुंचे थे।
परिक्रमा के दौरान बिगड़ी हालत
कैलाश के मुताबिक, शनिवार को परिक्रमा करते समय रामानंद ने उनसे पानी मांगा। उस समय वहां श्रद्धालुओं की काफी भीड़ थी। पानी लेने के लिए वे कुछ दूर चले गए और वापस लौटे तो बेटा नजर नहीं आया। घबराए पिता ने आसपास तलाश शुरू की और लोगों से पूछताछ की।
मौके पर मौजूद सेवादारों ने उन्हें बताया कि एक युवक अचानक बेहोश होकर गिर पड़ा था, जिसे प्राथमिक उपचार के लिए धाम स्थित अस्पताल ले जाया गया है। कैलाश देर रात करीब 10 बजे अस्पताल पहुंचे, जहां उन्हें जानकारी दी गई कि हालत गंभीर होने पर रामानंद को जिला अस्पताल छतरपुर भेजा गया है।
जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
जिला अस्पताल छतरपुर में चिकित्सकों ने जांच के बाद रामानंद को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में शोक की लहर दौड़ गई।
बागेश्वर धाम प्रबंधन की ओर से शव को उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले के मदरियापुर गांव भेजने के लिए एंबुलेंस की व्यवस्था की गई। रात करीब 11 बजे परिजन शव लेकर अपने गांव के लिए रवाना हो गए।
छतरपुर पुलिस ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here