तीन साल बाद आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारियों की भर्ती, एमपीपीएससी ने जारी की परीक्षा अधिसूचना

0

तीन साल बाद आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारियों की भर्ती, एमपीपीएससी ने जारी की परीक्षा अधिसूचना

इंदौर। मध्य प्रदेश के सरकारी अस्पतालों में लंबे समय से खाली पड़े आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी पदों को भरने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। करीब तीन वर्ष के अंतराल के बाद शासन ने इन पदों पर भर्ती का रास्ता साफ किया है।
बुधवार देर रात मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग (एमपीपीएससी) ने आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी परीक्षा 2025 की आधिकारिक अधिसूचना जारी की। इस भर्ती के तहत कुल 130 पद निर्धारित किए गए हैं। आयोग द्वारा आवेदन प्रक्रिया 13 मार्च से शुरू की जाएगी, जबकि परीक्षा 7 जून को आयोजित होगी।
पदों का वर्गवार वितरण इस प्रकार है— सामान्य वर्ग के लिए 50 पद, अनुसूचित जाति के लिए 12, अनुसूचित जनजाति के लिए 42, अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए 19 और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए 7 पद तय किए गए हैं।
ओबीसी आरक्षण से जुड़ा मामला न्यायालय में विचाराधीन होने के कारण आयोग ने पदों को मुख्य और प्रावधिक श्रेणी में विभाजित किया है। कुल पदों में से 121 पद मुख्य श्रेणी में और 9 पद प्रावधिक श्रेणी में रखे गए हैं, जो 87 प्रतिशत और 13 प्रतिशत के अनुपात में हैं।
उम्मीदवार 13 मार्च से 12 अप्रैल तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। परीक्षा के लिए प्रवेश पत्र 28 मई से जारी किए जाएंगे। आयोग ने इंदौर, भोपाल, जबलपुर और ग्वालियर में परीक्षा केंद्र निर्धारित किए हैं। एमपीपीएससी के अनुसार 7 जून को यह परीक्षा ऑफलाइन माध्यम से आयोजित की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here