9 वर्षीय मासूम से दुष्कर्म की कोशिश फिर बेरहमी से पिटाई,फिर खुद ले गया अस्पताल

0

9 वर्षीय मासूम से दुष्कर्म की कोशिश फिर बेरहमी से पिटाई,फिर खुद ले गया अस्पताल

उज्जैन।उज्जैन जिले के खचरौद थाना क्षेत्र से मानवता को झकझोर देने वाली एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां 9 वर्षीय बालिका के साथ जबरदस्ती की कोशिश के बाद उसकी बेरहमी से पिटाई कर हत्या कर दी गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सोमवार शाम, घटना के करीब 36 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, 9 वर्षीय बच्ची शनिवार शाम अपनी मां के साथ जूना शहर में नानी के घर आई थी। शाम करीब 4 बजे मां बाजार से सामान लेने चली गई, जबकि बच्ची घर पर ही थी। इसी दौरान वह अचानक लापता हो गई। परिजनों को जानकारी मिलते ही आसपास तलाश शुरू की गई। करीब डेढ़ घंटे बाद बच्ची रियाज शेख के सूने बाड़े में पड़ी मिली। उसके हाथ-पैर बंधे हुए थे और सिर व मुंह पर गंभीर चोट के निशान थे।

परिजन बच्ची को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले गए, जहां से उसकी हालत गंभीर होने पर रतलाम मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। इलाज के दौरान रविवार को बच्ची ने दम तोड़ दिया।

गिरफ्तारी और विरोध प्रदर्शन
पोस्टमार्टम के बाद जब शव मालीपुरा स्थित निवास लाया गया तो परिजनों और समाजजन में भारी आक्रोश देखने को मिला। लोगों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग करते हुए मदार छल्ला मस्जिद के पास ताबूत रखकर रास्ता जाम कर दिया। स्थिति को संभालने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया।

घटना के बाद पुलिस अधीक्षकों के निर्देश पर चार विशेष टीमों का गठन किया गया। संदिग्धों से पूछताछ के दौरान रियाज पुत्र शब्बीर खां ने अपराध स्वीकार कर लिया।

आरोपी ने कबूली पूरी घटना
एसडीओपी बेछोटे ने बताया कि जिस समय बच्ची बाड़े में अकेली खेल रही थी, उसी दौरान रियाज काम से लौटकर वहां पहुंचा। बच्ची को अकेला देख उसकी नीयत बिगड़ गई और उसने जबरदस्ती करने का प्रयास किया। बच्ची के चिल्लाने पर उसने उसे जोर से धक्का दे दिया, जिससे उसका सिर पास के पेड़ से टकरा गया। इसके बाद आरोपी ने बच्ची का मुंह प्लास्टिक की थैली से बांधा और कपड़े धोने की मोगरी से उसके माथे पर वार किया। वारदात के बाद वह बाड़े का दरवाजा बंद कर मौके से चला गया।

कुछ समय बाद आरोपी ने दोबारा दरवाजा खोला और आसपास के लोगों को बताया कि बच्ची वहां बेहोश पड़ी है। वह खुद बच्ची को अस्पताल ले गया और उसके माता-पिता को सूचना दी। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें आरोपी की गतिविधियां सामने आईं। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने पूरी घटना स्वीकार कर ली।

सबूत मिटाने की कोशिश
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी ने साक्ष्य नष्ट करने का भी प्रयास किया। सोमवार दोपहर करीब 12 बजे उज्जैन से डॉग स्क्वॉड और फोरेंसिक टीम घटनास्थल पर पहुंची और बारीकी से जांच की। जांच में सामने आया कि बाड़े में देर रात एक प्लास्टिक की थैली जलाई गई थी और खून के निशान मिटाने की कोशिश की गई थी।

फिलहाल पुलिस आरोपी से आगे की पूछताछ कर रही है और मामले में सभी पहलुओं की जांच जारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here