टीकमगढ़ के इंजीनियर अब क्यों दे रहे पूरे प्रदेश के टेस्टिंग इंजीनियरों को उन्नत प्रशिक्षण, पढ़ें

0
टीकमगढ़ के इंजीनियर अब दे रहे हैं पूरे प्रदेश के टेस्टिंग इंजीनियरों को उन्नत प्रशिक्षण
सागर। मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी में तकनीकी दक्षता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए टीकमगढ़ परीक्षण संभाग में दो दिवसीय रिले टेस्टिंग सिम्युलेटर पैनल आधारित राज्य स्तरीय प्रशिक्षण कार्यशाला का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस कार्यशाला में प्रदेशभर के विभिन्न एक्स्ट्रा हाई टेंशन सबस्टेशनों के टेस्टिंग इंजीनियरों ने सहभागिता की।
एमपी ट्रांसको टीकमगढ़ के कार्यपालन अभियंता आर.पी. कान्यकुब्ज ने बताया कि नए तथा अनुभवी टेस्टिंग इंजीनियरों को एडवांस तकनीकों का प्रायोगिक प्रशिक्षण प्रदान करने के उद्देश्य से टीकमगढ़ परीक्षण संभाग द्वारा स्वप्रेरणा से एक अत्याधुनिक ट्रेनिंग सेंटर विकसित किया गया है। यह सेंटर तेजी से प्रदेश का प्रमुख तकनीकी प्रशिक्षण केंद्र बनता जा रहा है।
अब तक यहाँ तीन सत्रों मे इंजीनियरों को सफलतापूर्वक प्रशिक्षित किया जा चुका है, जिससे प्रदेश के सबस्टेशनों में स्थापित महत्त्वपूर्ण एवं कीमती उपकरणों की टेस्टिंग गुणवत्ता और अधिक मजबूत हुई है।
टीकमगढ़ के इंजीनियरों की महत्वपूर्ण भूमिका
प्रशिक्षण कार्यपालन अभियंता आर.पी. कान्यकुब्ज के निर्देशन में, सहायक अभियंता जी.पी. राय द्वारा प्रदान किया गया। टीकमगढ़ के इन अनुभवी इंजीनियरों ने प्रदेशभर से आए प्रतिभागियों को उन्नत रिले टेस्टिंग प्रक्रिया में दक्ष बनाया।
प्रशिक्षण के दौरान विशेष रूप से ट्रांसफॉर्मर डिफरेंशियल प्रोटेक्शन रिले, और लाइन डिस्टेंस प्रोटेक्शन रिले की वायरिंग, कॉन्फ़िगरेशन, सेटिंग तथा टेस्टिंग से संबंधित सभी महत्वपूर्ण बिंदुओं को विस्तार से और प्रायोगिक रूप से समझाया गया। यह पहल राज्य में विश्वसनीय और सुरक्षित ट्रांसमिशन व्यवस्था सुनिश्चित करने की दिशा में सराहनीय मानी जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here