शिवपुरी से गायब हुआ नवजात सागर पुलिस ने खोजा, आरोपी महिला भी गिरफ्तार
गजेंद्र ठाकुर- सागर। शिवपुरी के जिला अस्पताल से एक दिन का बच्चा चोरी कर गायब हुई महिला को सागर पुलिस ने तत्परता से बुधवार की देर शाम को पकड़ा लिया है। उसके कब्जे से बच्चे को सुरक्षित बरामद किया गया। बच्चे को सागर जिला हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। जहां उपचार चल रहा है। महिला को थाने ले जाकर पूछताछ की जा रही। मामले की सूचना शिवपुरी पुलिस को दे दी गई है।
शिवपुरी जिला अस्पताल में भर्ती प्रसूता रोशनी आदिवासी ने बच्ची को जन्म दिया था। वार्ड में मौजूद एक अन्य महिला पिछले करीब एक दिन से परिवार के संपर्क में थी और लगातार उनके साथ बातचीत कर रही थी।
वह मंगलवार सुबह करीब 5 बजे प्रसूति वार्ड से एक दिन की नवजात को पति को दिखाने का बोलकर उठाकर ले गई। लेकिन वह काफी समय तक वापस नहीं लौटी। परिजन ने आसपास तलाश किया। लेकिन बच्चा और महिला नहीं मिले। तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
सागर पुलिस की तत्परता से मिली सफलता
शिवपुरी पुलिस से प्राप्त सीसीटीवी फुटेज एवं संदिग्ध महिला का फोटो जिले के सभी थाना क्षेत्रों, चौकियों, नाकों एवं गश्ती दलों को तत्काल उपलब्ध कराया गया। संभावित रूटों का विश्लेषण कर लगभग 300 से 400 पुलिस अधिकारी व कर्मचारी जिले के विभिन्न चेक प्वाइंट्स पर तैनात किए गए, जिससे कोई संदिग्ध व्यक्ति बिना चेकिंग पार न हो सके।
एकीकृत कमांड एवं मॉनिटरिंग व्यवस्था
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बीना डॉ. संजीव उइके तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सागर लोकेश कुमार सिन्हा के नेतृत्व में।पुलिस कंट्रोल रूम सागर में उप निरीक्षक आर.के.एस. चौहान द्वारा
सभी नाका पार्टी, पेट्रोलिंग टीमों एवं गश्ती दलों का केन्द्रीय कमांड एवं मॉनिटरिंग करते हुए, वाट्सऐप ग्रुप एवं वायरलेस माध्यम से लगातार सटीक दिशा-निर्देश उपलब्ध कराए गए। स्मार्ट सिटी कंट्रोल रूम में एक समर्पित टीम द्वारा शहर एवं मुख्य मार्गों के सीसीटीवी कैमरों की निरंतर निगरानी की गई।।पुलिस कंट्रोल रूम की एक अन्य टीम द्वारा बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, हाईवे एवं प्रवेश/निकास मार्गों की लाइव कैमरा मॉनिटरिंग की गई।
इस तरह मिली सफलता
इसी प्रभावी चेकिंग के परिणामस्वरूप थाना कैंट क्षेत्र अंतर्गत भैंसा नाका पर पुलिस द्वारा झांसी से सागर आने वाली हर एक बस को चेक किया गया। बस में बैठी महिला का चेहरा कंट्रोल रूम में उपलब्ध फोटो से मिलान किया गया, जो सही पाए जाने पर महिला को शिशु सहित सुरक्षित अभिरक्षा में ले लिया गया।
इसके बाद शिशु एवं महिला को पुलिस कंट्रोल रूम सागर लाया गया, जहाँ से अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बीना डॉ. संजीव उइके एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सागर लोकेश कुमार सिन्हा स्वयं महिला पुलिस स्टाफ के साथ जिला अस्पताल सागर पहुँचे। शिशु का तत्काल चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया, जिसमें शिशु संपूर्ण रूप से सुरक्षित पाया गया।।वर्तमान में शिशु को जिला अस्पताल के शिशु वार्ड में सुरक्षित रखा गया है।


