हमारा सागर भी अब इंडस्ट्री हब बनने की ओर – महापौर संगीता तिवारी

रहली का पटना ककरी भी अब बनेगा औद्योगिक हब – श्रीमती कुशवाहा

मुख्यमंत्री डॉ. यादव रतलाम में आयोजित हुई राइज कॉन्क्लेव के मुख्य कार्यक्रम में शामिल हुए

 

सागर। हमारा सागर भी अब इंडस्ट्री हब बनने की ओर अग्रसर है। उक्त विचार महापौर संगीता तिवारी ने कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में मुख्यमंत्री द्वारा रतलाम जिले में रीजनल इंडस्ट्री, स्किल एंड एम्प्लॉयमेंट (राइज-2025) कॉन्क्लेव के शुभारंभ के संजीव प्रसारण कार्यक्रम में व्यक्त किए।

महापौर संगीता सुशील तिवारी ने कहा कि गत वर्ष अगस्त माह में सागर में हुई रीजनल इंडस्ट्रियल कॉन्क्लेव से 23 हज़ार करोड़ रुपए से भी अधिक निवेश के साथ, हमारा सागर भी अब इंडस्ट्री हब बनने की ओर अग्रसर है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पूरे प्रदेश में इस तरह के कॉन्क्लेव करके अनेक उद्योगों का सृजन एवं प्रदेश में निवेश लाने का कार्य किया है। प्रदेश निरंतर प्रगति पथ पर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश के युवाओं में क्षमताओं की कमी नहीं है। अब मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के नेतृत्व में नए उद्योगों की स्थापना से हमारे युवाओं को रोजगार मिल रहा है।

तिवारी ने कहा कि सागर में कलेक्टर  संदीप जी आर के मार्गदर्शन में रीजनल इंडस्ट्रियल कॉन्क्लेव का सफल आयोजन किया गया और यहां 23 हजार करोड रुपए से भी अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए थे जिसके कारण सागर भी अब इंडस्ट्रियल हब बनने की ओर अग्रसर है। उन्होंने सभी उद्योगपतियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सभी उत्तरोत्तर प्रगति करें। यहां के उद्योग समृद्ध और विकसित होंगे तो पूरा क्षेत्र विकास करेगा। उन्होंने उद्योगपतियों को आश्वासन भी दिया कि औद्योगिक इकाइयों की स्थापना और विकास के लिए जनप्रतिनिधियों और प्रशासन का लगातार सहयोग मिलता रहेगा।

इस अवसर पर रानी कुशवाहा ने कहा कि रहली का पटना ककरी भी अब औद्योगिक हब बनेगा, जिससे अनेक रोजगारों का सृजन भी होगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के द्वारा मध्य प्रदेश को विकसित करने की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है।

एमएसएमई दिवस के उपलक्ष में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा रतलाम में रीजनल इंडस्ट्री, स्किल एंड एम्प्लॉयमेंट (राइज-2025) कॉन्क्लेव का शुभारंभ किया गया। कॉन्क्लेव के माध्यम से प्रदेश के औद्योगिक, आर्थिक और सामाजिक विकास को नया आयाम मिला और प्रदेश में निवेश, रोजगार, कौशल विकास और हितग्राहीमूलक योजनाओं के समावेशी मॉडल को साकार करने की शुरुआत हुई। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने औद्योगिक परियोजनाओं का लोकार्पण-भूमिपूजन, ऋण वितरण, एमओयू हस्ताक्षर और हितग्राहियों से संवाद किया गया। इस कॉन्क्लेव में सागर जिले के 45 उद्यमी सम्मिलित हुए।

मुख्यमंत्री ने किया उद्योगपतियों से वर्चुअल संवाद

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सागर जिले के दो उद्यमी जिनमें विक्रम सिंह एवं अल्का दुबे से वर्चुअली संवाद किया। अल्का दुबे ने संवाद करते हुए बताया कि वेे नवीन स्थापित औद्योगिक क्षेत्र पटनाककरी रहली में 75 लाख के निवेश के साथ ट्रांसफार्मर निर्माण की इकाई स्थापित करेंगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उन्हें इस नवीन उद्यम की शीघ्र स्थापना के लिए शुभकामनाएँ दी।

युवा उद्यमी विक्रम सिंह ने मुख्यमंत्री से संवाद करते हुए बताया कि, सागर में मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना के तहत 12 लाख रू. का ऋण लेकर जिम सेन्टर स्थापित कर स्वस्थ्य भारत की संकल्पना को पूर्ण कर रहे है। श्री विक्रम सिंह ने मुख्यमंत्री डॉ यादव को योजना अंतर्गत 3 प्रतिशत ब्याज अनुदान और लोन गारंटी फीस की छूट उपलब्ध कराने के लिए धन्यवाद दिया।

मुख्यमंत्री द्वारा रतलाम जिले में रीजनल इंडस्ट्री, स्किल एंड एम्प्लॉयमेंट (राइज-2025) कॉन्क्लेव के शुभारंभ के संजीव प्रसारण कार्यक्रम में श्रीमती रानी कुशवाहा, पार्षद श्रीमती संध्या जैन, श्री देवेंद्र सिंह चावला, कलेक्टर श्री संदीप जी आर, जिला पंचायत सीईओ श्री विवेक के वी, श्रीमती मंदाकिनी पांडे, श्री प्रमोद उपाध्याय सहित अनेक उद्योगपति, अधिकारी एवं जनसमुदाय मौजूद था।

KhabarKaAsar.com
Some Other News

कुछ अन्य ख़बरें

error: इस पेज की जानकारी कॉपी नहीं की जा सकती है|
Scroll to Top