मुख्य विषय-वस्तु पर जाएं (Skip to main content)

इलाज में लापरवाही से महिला की मौत का आरोप, परिजनों ने शव रखकर किया चक्काजाम

By: Arjun Sagar•
Sponsor Ad
इलाज में लापरवाही से महिला की मौत का आरोप, परिजनों ने शव रखकर किया चक्काजाम

Sagar : इलाज में लापरवाही से महिला की मौत का आरोप, परिजनों ने शव रखकर किया चक्काजाम
दो घंटे तक बरा चौराहे पर बाधित रहा यातायात, पुलिस ने दिया निष्पक्ष जांच का आश्वासन

सागर (बंडा)। बंडा क्षेत्र में इलाज के दौरान एक महिला की मौत के बाद गुरुवार को परिजनों ने जमकर हंगामा किया। इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए मृतका के परिजन शव को लेकर बरा चौराहे पहुंचे और सड़क पर रखकर चक्काजाम कर दिया। इस दौरान करीब दो घंटे तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने समझाइश देकर जाम खुलवाया और मामले की निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया।

पुलिस के अनुसार, फरियादी हरदेव आदिवासी निवासी जगथर ने थाने में शिकायत दर्ज कराई कि उसकी 60 वर्षीय मां देवकाबाई की तबीयत खराब होने पर 15 अप्रैल को उन्हें अरिहंत हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। उल्टियां होने के चलते इलाज कराया गया और कुछ समय बाद उन्हें घर ले जाया गया। अगले दिन 16 अप्रैल को तबीयत फिर बिगड़ने पर दोबारा हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां चार घंटे तक इलाज के बाद उन्हें सागर रेफर कर दिया गया।

हरदेव के अनुसार, वे सागर न ले जाकर बंडा अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने देवकाबाई को मृत घोषित कर दिया। परिजनों का आरोप है कि समय पर सही इलाज न मिलने के कारण उनकी मौत हुई है।

मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस ने शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमॉर्टम कराया और शव परिजनों को सौंप दिया। इसके बाद गुस्साए परिजन शव लेकर बरा चौराहे पहुंचे और सड़क पर रखकर चक्काजाम कर दिया। परिजन दोषियों पर कार्रवाई और निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे थे।

सूचना मिलते ही एसडीओपी शिखा सोनी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं और लोगों को समझाइश दी। आश्वासन के बाद परिजन माने और चक्काजाम खत्म किया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Arjun Sagar

By: Arjun Sagar

खबर का असर .com (KKA) डिजिटल टीम - निष्पक्ष और सटीक पत्रकारिता के साथ खबरों की ग्‍लोबल अपडेट्स।

61,87,654 +
Total Visitors

अन्य संबंधित और ताज़ा ख़बरें

सभी समाचार देखें →