27 साल बाद दिल्ली में भाजपा की वापसी, 46 सीटों पर बढ़त

27 साल बाद दिल्ली में भाजपा की वापसी, 46 सीटों पर बढ़त

नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव के रुझानों में भाजपा 27 साल बाद सत्ता में वापसी करती दिख रही है। चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार, 2 घंटे की मतगणना के बाद भाजपा 46 सीटों पर आगे है, जबकि आम आदमी पार्टी (आप) 24 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है।

भाजपा मुख्यालय में जश्न, पीएम मोदी पहुंचेंगे

रुझानों के बाद भाजपा मुख्यालय में जश्न शुरू हो गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज शाम 7 बजे मुख्यालय पहुंच सकते हैं। भाजपा ने इससे पहले 1993 में दिल्ली में सरकार बनाई थी, तब पार्टी ने 49 सीटें जीती थीं और 5 साल में 3 मुख्यमंत्री बदले थे।

केजरीवाल पीछे, मुस्तफाबाद में भाजपा की बढ़त

रुझानों में आप संयोजक अरविंद केजरीवाल नई दिल्ली सीट से 1800 वोटों से पीछे हैं। भाजपा के प्रवेश वर्मा आगे हैं। दिल्ली दंगों से चर्चा में आई मुस्तफाबाद सीट पर भाजपा के मोहन बिष्ट 40 हजार वोटों से आगे हैं। इस सीट से चुनाव लड़ रहे ताहिर हुसैन चौथे नंबर पर हैं।

चुनाव और एग्जिट पोल

दिल्ली में 5 फरवरी को 70 सीटों के लिए 60.54 प्रतिशत मतदान हुआ था। कुल 14 एग्जिट पोल आए, जिनमें से 12 में भाजपा और 2 में आम आदमी पार्टी की सरकार बनने का अनुमान लगाया गया था।

केजरीवाल ने क्यों दिया इस्तीफा?

2020 में अरविंद केजरीवाल तीसरी बार मुख्यमंत्री बने थे। लेकिन शराब घोटाले में जेल से बाहर आने के बाद उन्होंने इस्तीफा दे दिया। वे 4 साल 7 महीने और 6 दिन तक मुख्यमंत्री रहे। इसके बाद उन्होंने आतिशी को मुख्यमंत्री बनाया।

अब सभी की नजरें नतीजों पर टिकी हैं। क्या भाजपा 27 साल बाद सत्ता में वापसी करेगी या आम आदमी पार्टी कोई बड़ा उलटफेर करेगी?

KhabarKaAsar.com
Some Other News

कुछ अन्य ख़बरें

error: इस पेज की जानकारी कॉपी नहीं की जा सकती है|
Scroll to Top