महापौर ने कलेक्टर, नगर निगम कमिश्नर के साथ जलभराव क्षेत्रों का किया निरीक्षण, दिए आवश्यक निर्देश
सागर। महापौर संगीता सुशील तिवारी ने कलेक्टर श्री दीपक आर्य, नगर निगम कमिश्नर चंद्रशेखर शुक्ला के साथ नगर निगम क्षेत्र के जलभराव क्षेत्रों का निरीक्षण किया एवं क्षेत्रवासियों से चर्चा कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
इस अवसर पर सिटी मजिस्ट्रेट राजेश सिंह, नगर पुलिस अधीक्षक कृष्ण पाल सिंह, नगर निगम उपायुक्त राजेश सिंह राजपूत, सहित अन्य राजस्व अधिकारी, पुलिस अधिकारी सहित नगर निगम के कर्मचारी मौजूद थे। महापौर संगीता तिवारी ने निरीक्षण के दौरान बताया कि जलभराव वाले क्षेत्रों में नगर निगम की अमले द्वारा लगातार पानी निकासी व्यवस्था कराई जा रही है। उन्होंने बताया कि सूचना प्राप्त होते ही नगर निगम द्वारा जेसीबी मशीनो के माध्यम से पानी निकासी व्यवस्था कराई जा रही है। उन्होंने बताया कि अब सभी जगह स्थिति नियंत्रण में हैं एवं कहीं भी पानी भराव की स्थिति नहीं है।
महापौर संगीता सुशील तिवारी ने कलेक्टर दीपक आर्य, नगर निगम कमिश्नर चंद्रशेखर शुक्ला के साथ देर रात्रि से प्रारंभ हुई भारी बारिश के कारण नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति निर्मित हुई। जिसका निरीक्षण करते हुए कलेक्टर श्री आर्य ने निर्देश दिए कि जलभराव की स्थिति वाले क्षेत्रों में पानी निकासी की उचित व्यवस्था तत्काल की जावे। उन्होंने नालों पर किए गए अतिक्रमण को भी हटाने के निर्देश दिए। महापौर संगीता सुशील तिवारी ने कलेक्टर श्री आर्य, नगर निगम कमिश्नर श्री शुक्ला ने किशोर न्यायालय, अहमदनगर, वैशाली नगर, तिली गांव, सोमनाथ पुरम, गोपालगंज, मुक्तिधाम श्री राम कॉलोनी सहित अन्य क्षेत्रों में जाकर जलभराव की स्थिति देखी। कलेक्टर श्री आर्य ने निर्देश दिए कि पानी निकासी में जो भी बाधा आ रही हो उसको तत्काल हटाए एवं पानी निकासी को सुचारू रूप से बनाएं। उन्होंने कहा कि किसी भी स्थिति में कहीं भी जलभराव की स्थिति नहीं रहना चाहिए।