सागर। 9वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर बुधवार सुबह भारतीय जनता युवा मोर्चा कार्यालय में जिलाध्यक्ष यश अग्रवाल के साथ युवा मोर्चा के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने विभिन्न आसनों का योगाभ्यास किया।
मोर्चा जिलाध्यक्ष यश अग्रवाल ने कहा कि योग से, व्यायाम से हमें स्वास्थ्य, आयुष और बल मिलता है। हममें से कितने ही लोग, जो बीते वर्षों में योग से नियमित जुड़े हैं। उन्होंने योग की ऊर्जा को महसूस किया है। व्यक्तिगत स्तर पर हमारे लिए बेहतर स्वास्थ्य कितना महत्वपूर्ण होता है, ये हम सब जानते हैं। हमने ये भी देखा है कि जब हम स्वास्थ्य संकटों से सुरक्षित होते हैं, तो हमारा परिवार कितनी ही परेशानियों से बच जाता है। योग एक ऐसे स्वस्थ और सामर्थ्यशाली समाज का निर्माण करता है, जिसकी सामूहिक ऊर्जा कई गुना ज्यादा होती है। योग हमारी अन्तः दृष्टि को विस्तार देता है। योग हमें उस चेतना से जोड़ता है, जो हमें जीव मात्र की एकता का अहसास कराती है, जो हमें प्राणी मात्र से प्रेम का आधार देती है। इसलिए, हमें योग के जरिए हमारे अंतर्विरोधों को खत्म करना है। हमें योग के जरिए हमारे गतिरोधों और प्रतिरोधों को खत्म करना है।
उन्होंने कहा कि योग एक शारीरिक गतिविधि से कहीं बढ़कर है। प्रसिद्ध चिकित्सकों का भी कहना है कि योग दिन-प्रतिदिन के जीवन में एक संतुलित दृष्टिकोण बनाए रखने के तरीकों को विकसित करता है और किसी के कार्यों के प्रदर्शन में कौशल प्रदान करता है।