इंदौर, – भारतीय जनता युवा मोर्चा की बैठक के बाद शनिवार को मोर्चा के दो गुट आपस में भिड़ गए। बताया जाता है कि शहर अध्यक्ष सौगात मिश्रा ने मोर्चा के प्रदेश मंत्री शुभेंद्र गौड़ के पिता को लेकर अनर्गल टिप्पणी कर दी। इससे नाराज गौड़ और उनके गुट के कार्यकर्ताओं ने मिश्रा की बुरी तरह पिटाई कर दी। इस दौरान वहां मौजूद मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष वैभव पंवार का कुर्ता भी फाड़ दिया। विवाद की खबर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा तक भी पहुंची है। गौड़ भाजपा विधायक मालिनी गौड़ के भतीजे हैं।
शनिवार काे शहर के प्रीतमलाल जाजू सभागृह में मोर्चा की बैठक रखी गई थी। बैठक के बाद सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता भोजन के लिए भंवरकुआं क्षेत्र के एक ढाबे पर आए। यहां मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष पंवार, शहर अध्यक्ष मिश्रा कार्यकर्ताओं के साथ भोजन कर रहे थे। इसी दौरान गौड़ और उनके गुट के कार्यकर्ता पहुंच गए। गौड़ ने मिश्रा पर आरोप लगाया कि आपने मेरे पिता को लेकर अनर्गल टिप्पणी की। इसे लेकर बहस होने लगी और देखते-देखते गौड़ समर्थक कार्यकर्ताओं ने मिश्रा को वहीं पीटना शुरू कर दिया।
बीच-बचाव के लिए उठे प्रदेश अध्यक्ष पंवार को भी नहीं छोड़ा। उनका भी कुर्ता फाड़ दिया। बाद में गौड़ और मिश्रा गुट के कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे पर ढाबे के बर्तन फेंकने शुरू कर दिए। इस तरह ढाबे में ही दंगल शुरू हो गया। विवाद की खबर भाजपा के वरिष्ठ नेताओं तक भी पहुंची। भाजपा शहर अध्यक्ष गौरव रणदिवे ने मोर्चा नेताओं के दोनों पक्षों को भाजपा कार्यालय बुलाया, लेकिन भाजपा कार्यालय पर केवल मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष पंवार और शहर अध्यक्ष मिश्रा ही पहुंचे। उधर विवाद के बाद गौड़ और उनके गुट के कार्यकर्ता लोधीपुरा में एकजुट हुए
युवा मोर्चा में सौगात मिश्रा और शुभेंद्र गौड़ के बीच नियुक्ति के समय से ही खींचतान चल रही है। गौड़ गुट नहीं चाहता था कि मिश्रा शहर अध्यक्ष बनें। इसके लिए काफी प्रयास किए गए, लेकिन मिश्रा को भाजपा के ही अन्य नेताओं का सहयोग मिलने से वे शहर अध्यक्ष बन गए। तभी से गौड़ और मिश्रा के बीच की खींचतान अक्सर सतह पर आ जाती है। शनिवार को भी मोर्चा के एक कार्यक्रम के सिलसिले में रखी गई बैठक के बाद यह विवाद उभर आया। जबकि गौड़ इस बैठक में पहुंचे ही नहीं थे। वे तो सीधे भोजन के दौरान ढाबे पर ही पहुंचे।