UP: माथे पर ताजा सिंदूर, हाथों में मेंहदी और कलाई में कंगन पहने सजी-संवरी नई नवेली दुल्हन गुरुवार को परीक्षा केंद्र में आकर्षण का केंद्र रही। मायके से विदा होकर ससुराल जाने से पहले दुल्हन ने बोर्ड परीक्षा दी। विदाई की सजी-धजी कार में उसे परीक्षा केंद्र तक दूल्हा और ससुराल के अन्य लोग लेकर आए। परीक्षा समाप्त होने तक दूल्हा सहित अन्य बराती उसका इंतजार करते रहे।
मामला उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में एक ऐसी खबर सामने आई है, जिसे जानकर आप भी हैरान रह जाएंगे। यहां एक दुल्हन शादी के बाद विदा होकर सुसराल न जाकर सीधे अपने स्कूल 12वीं की बोर्ड परीक्षा देने पहुंची।
इस दौरान दूल्हा सहित अन्य बराती तीन घंटे तक उसका इंतजार करते रहे। बरौली अहीर के सेमरी की रहने वाली आशा कुशवाह की 15 फरवरी को बरात आई थी। आज सुबह सात फेरे पड़ने के बाद दूसरी पारी में उसकी 12वीं की यूपी बोर्ड परीक्षा थी। अब विदा होकर वह ससुराल चली जाती, तो परीक्षा छूट जाती। वहीं विदाई का मुहूर्त भी निकला जा रहा था। किसी बात की भी परवाह किए बिना आशा ने साफ कह दिया कि वह बिना परीक्षा दिए ससुराल नहीं जाएगी।