MP: पुलिस के सिपाहियों के कमरे में चल रहा था जुआ, दो लाइन अटैच

सागर। बंडा थाना क्षेत्र में पुलिस ने दबिश देकर जुआ फड़ को पकड़ा है। कार्रवाई में 10 जुआरियों को गिरफ्तार किया गया है। इसमें खास बात यह है कि जिस मकान में जुआ खेला जा रहा था। उसी मकान में किराए से थाने के दो आरक्षक रहते हैं। उन पर संदेह है कि उनकी मिलीभगत से ही जुआ फड़ संचालित हो रहा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने दोनों आरक्षकों को लाइन अटैच कर दिया है।

जानकारी के अनुसार बंडा की संजय कॉलोनी में स्थित अनिल राय के मकान में जुआ खेले जाने की सूचना बंडा थाना प्रभारी नवल आर्य को मिली थी। खबर मिलते ही पुलिस टीम ने मकान पर दबिश दी। जहां ताश पत्तों पर हार-जीत का दाव लगा रहे 10 जुआरियों को पकड़ा गया। जुआरियों को पकड़कर थाने लाया और पूछताछ की गई। कार्रवाई के दौरान सामने आया कि जिस मकान में जुआ संचालित हो रहा था जिसमें थाने के आरक्षक प्रवीण जाट और देवेंद्र सिंह किराए से रहते हैं। लेकिन उन्होंने कभी जुआ फड़ के संबंध में जानकारी नहीं दी। आरोपों के चलते दोनों आरक्षकों को लाइन अटैच किया गया है।

बंडा एसडीओपी शिखा सोनी ने बताया कि संजय कॉलोनी में दबिश देकर 10 जुआरियों को पकड़ा है। जिनके खिलाफ जुआ एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। वहीं आरक्षकों के संबंध में जानकारी मिली हैं, जो वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई है। आरक्षक प्रवीण जाट और देवेंद्र सिंह को लाइन अटैच किया गया है। मामले में आगे की जांच की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here