सागर। मकरोनिया में कार से कुचलकर युवक की हत्या के मामले में गुरुवार को आरोपी पक्ष की महिलाएं आईजी कार्यालय पहुंची। उन्होंने मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन देने आईं महिलाओं ने कहा कि हत्याकांड मामले की जांच निष्पक्ष की जाए। निर्दोष व्यक्तियों को न फंसाया जाए।
उन्होंने कहा कि हत्या के मामले में वकीलचंद, मिश्रीचंद, जितेन्द्र और धर्मेंद्र को फंसाया जा रहा है। ये लोग घर के अंदर थे। इसके फुटेज हमारे पास हैं। वकीलचंद की तबीयत खराब है। लेकिन उन्हें भी परेशान किया जा रहा है। महिलाओं ने पुलिस से मामले में निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने मामले में कहा कि घर में कोई पुरुष नहीं बचा है। सब महिलाएं हैं। ऐसे में दूसरे पक्ष के लोग परेशान कर रहे हैं। हमारी कोई सुनवाई नहीं हो रही है। मामले में पुिलस ने निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है। निष्कासित भाजपा नेता समेत 3 आरोपी है फरार हत्याकांड मामले में पुलिस ने कुल 8 आरोपियों के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज किया है। जिसमें से अब तक पुलिस ने आरोपी वकीलचंद गुप्ता, लवी, लकी, हनी, आशीष मालवीय को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं भाजपा से निष्कासित आरोपी मिश्रीचंद गुप्ता, जितेन्द्र गुप्ता और धर्मेंद्र गुप्ता फरार है। जिनकी पुलिस तलाश कर रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस ने शहर में आरोपियों के पोस्टर चस्पा कराए हैं। सूचना देने और गिरफ्तार कराने वाले को एक-एक हजार रुपए का इनाम देने की घोषणा की गई है।
क्या था मामला- चुनावी रंजिश के चलते गुरुवार रात हुए विवाद में आरोपी लवी गुप्ता, लकी गुप्ता, हनी गुप्ता, भाजपा नेता मिश्रीचंद गुप्ता, वकील गुप्ता, धर्मेंद्र गुप्ता, जितेंद्र गुप्ता और आशीष मालवीय ने मकरोनिया चौराहे के पास स्थित डेयरी पर पहुंचकर मारपीट की थी। विवाद बढ़ा और आरोपियों ने कार से जगदीश यादव निवासी कोरेगांव को कुचल दिया था। जिसकी इलाज के दौरान अस्पताल में मौत हो गई थी। मामले में पुलिस ने 8 आरोपियों के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज किया है। जिसमें से 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। 3 अब भी फरार हैं और उनपर पुलिस ने इनाम घोषित किया हैं।