पूरी उर्जा के साथ उत्सव के रूप में कराएं वैक्सीनेशन
सागर–
कलेक्टर दीपक आर्य ने कहा कि, प्रथम डोज़ के शत-प्रतिशत लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए वार्ड वार छूटे हुए व्यक्तियों की सूची तैयार करें। ऐसे सभी व्यक्तियों को चिन्हित करें जिन्हें वैक्सीनेशन का प्रथम डोज़ नहीं लगा है। ऐसे सभी पात्र व्यक्तियों को वैक्सीनेशन सेंटर जाने के लिए प्रेरित करें। यदि कोई व्यक्ति वैक्सीनेशन सेंटर पहुंचने में असहाय है या किसी और कारणवश वैक्सीनेशन सेंटर नहीं पहुंच सकता तब उसे मोबाइल यूनिट के माध्यम से वैक्सीनेशन की सुविधा दी जाए। कलेक्टर आर्य ने निर्देश दिए कि, किसी भी स्थिति में पात्र व्यक्ति टीकाकरण से वंचित ना रहें। इस कार्य के लिए संपूर्ण अमला अपनी पूरी ऊर्जा के साथ कार्य करे और इस अभियान को उत्सव के रूप में मनाए।
उन्होंने निर्देश दिए कि, हमारी कार्ययोजना ऐसी बनाई जाए कि, आगामी 7 दिवस में शत प्रतिशत पात्र व्यक्तियों को टीकाकरण का प्रथम डोज लग जाए।
कलेक्टर आर्य ने बताया कि, सागर नगर निगम क्षेत्र में वैक्सीनेशन के प्रथम डोज में 84 प्रतिषत पात्र व्यक्तियों का टीकाकरण हो गया है। साथ ही 44 प्रतिषत से अधिक पात्र व्यक्तियों को कोरोना वैक्सीनेशन का द्वितीय डोज भी लगाया जा चुका है। उन्होंने बताया कि, जन सामान्य की सुविधा के लिए मोबाइल यूनिट के माध्यम से भी वैक्सीनेशन किया जाएगा। साथ ही वार्ड वार कैंप भी आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही लोगों के घर जाकर वैक्सीनेशन हेतु दस्तक भी दी जाएगी। उन्होंने कहा कि, अभियान की कार्य योजना इस प्रकार से बनाई जाए कि, टीकाकरण सत्र के द्वारा अधिक से अधिक व्यक्तियों का टीकाकरण किया जा सके।
नगर निगम आयुक्त आरपी अहिरवार ने बताया कि, वास्तविक जनसंख्या तथा बीएलओ से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार लक्ष्य निर्धारित किया जाए। साथ ही शत-प्रतिशत पात्र व्यक्तियों को टीकाकरण का प्रथम डोज़ लगना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि, इस संबंध में टीकाकरण से छूटे हुए व्यक्तियों की सूची भी बनाई जाए।